बहल। बहल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तोशाम क्षेत्र के हसान गांव में एक शराब के उप ठेके पर कुछ युवकों ने 13 हजार रुपये की नकदी लूट ली। ठेके पर मौजूद कारिंदे को आरोपियों ने गोली मारने की धमकी दी तो वह मौके से भाग गया और आरोपी ठेके से अंग्रेजी शराब की सैकड़ों बोतल अपने साथ लूटकर ले गए। पुलिस ने शराब ठेकेदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में तोशाम तहसील के बागनवाला गांव निवासी सोमबीर ने कहा कि उसने हसान और साहलेवाला की सीमा पर हसान गांव की जमीन में वैध रूप से शराब का उप ठेका खोला हुआ है। ठेके पर नहला गांव का साहिल बतौर सेल्समैन काम करता है। शुक्रवार शाम को करीब 6:30 बजे साहिल ठेके के बाहर बैठा हुआ था तो एक तेज रफ्तार गाड़ी आकर रुकी जिसमें 6-7 लड़के बैठे हुए थे। गाड़ी में से एक युवक उतरा और साहिल से कहा कि जितना कैश है वो उसे दे दे। साहिल ने कहा कि यहां कोई कैश नहीं है तो उक्त युवक ने दूसरे युवक से कहा कि गाड़ी में से बंदूक निकालकर ला और इसको गोली मार दे। गाड़ी में से जब हाथों में रॉड और डंडे लिए 4-5 युवक आए तो साहिल डर कर भाग गया। उसके बाद उक्त युवकों ने ठेके में लूटपाट करनी शुरू कर दी। ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरे में देखने से पता चला कि आरोपियों ने ठेके में रखे 12750 रुपये अपने साथ ले गए। इसके अलावा विभिन्न मार्का की अंग्रेजी शराब की करीब सैकड़ों बोतलें अपने साथ ले गए। पुलिस ने ठेकेदार की शिकायत पर नामजद राजकुमार, बाला सहित अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।