पीली पट्टी से बाहर वाहन खड़ा करने पर लगेगा 500 रुपये जुर्माना
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। स्वच्छता अभियान के बाद अब नागरिकों के सहयोग से शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने का अभियान चलाया जाएगा। पीली पट्टी के बाहर वाहन खड़ा करने वालों पर यातायात पुलिस द्वारा 500 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया के निर्देशानुसार यातायात पुलिस ने इसके लिए विशेष कार्य योजना तैयार की है, जिस पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर में सरकुलर रोड पर अक्सर वाहनों से जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके अलावा रोहतक गेट, महम गेट, हांसी गेट, घंटाघर चौक, दिनोद गेट, पुरानी देवसर चुंगी, दादरी गेट के आसपास जाम की स्थिति बनी रहती है। वाहनों के व्यवस्थित ढंग से खड़ा न करने से सरकुलर रोड भी बदसूरत नजर आता है। इससे वाहन चालकों के साथ-साथ राहगीरों को भी आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया के आदेशानुसार इस अभियान के दौरान सरकुलर रोड को कई भागों में बांटा जाएगा और धीरे-धीरे से समूचे सरकुलर रोड पर यातायात को व्यवस्थित किया जाएगा।
---
विशेषज्ञों से करवाया है सरकुलर रोड का सर्वे
सरकुलर रोड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से मुक्ति व यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष रोड सेफ्टी एसोसिएट द्वारा सरकुलर रोड का सर्वे करवाया गया है। सर्वे के दौरान पाया कि भिवानी का सरकुलर रोड पर इतनी जगह है कि यदि वाहनों को पीली पट्टी के अंदर व्यवस्थित ढंग से खड़ा किया जाए तो जाम की समस्या नहीं बनेगी। इसी प्रकार से महम गेट के आसपास वाहनों को महम रोड पर बाल भवन स्कूल, चिड़ियाघर रोड पर आसपास खाली जगह पर खड़ा किया जा सकता है। इसी प्रकार से घंटाघर की बात की जाए तो किरोड़ीमल पार्क और सामान्य अस्पताल की दिवार के पास खड़ा किया जा सकता है।