अमर उजाला ब्यूरो
लोहारू। उपमंडल के गांव कुड़ल स्थित बाबा जोडनाथ मंदिर में वीरवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में सो रहे महंत निर्मलनाथ पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। हमले में महंत निर्मलनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए लोहारू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत के चलते भिवानी के जिला नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर महंत के सेवक लोहारू सीएचसी में पहुंचे। महंत निर्मलनाथ ने बताया कि वीरवार देर रात मैं मंदिर में सो रहा था। इस दौरान एक व्यक्ति ने मुझ पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गया। उन्होंने फोन पर हमले की जानकारी सेवक मान सिंह को दी। मानसिंह अन्य सेवकों को साथ लेकर मौके पर पहुंचा और घायल अवस्था में महंत को लोहारू सीएचसी में ले जाया गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
पंचायत में फैसला: शाम की आरती के बाद मंदिर में कोई नहीं जाएगा
वहीं, मंदिर के महंत निर्मलनाथ पर हमले को लेकर कुड़ल गांव में एक पंचायत का आयोजन सरपंच प्रतिनिधि रामकिशन शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। पंचायत में महंत पर हमले की निंदा की गई और सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मंदिर में शाम की आरती के पश्चात कोई भी व्यक्ति बेवजह नहीं जाएगा। पंचायत में आरोपी को एक दिन का समय देते हुए कहा गया कि जिस किसी ने भी इस अपराध को किया है वह पंचायत के समक्ष सार्वजनिक माफी मांगे अन्यथा आरोपी का सुराग लगाने के लिए प्रशासन व पुलिस की मदद ली जाएगी।
जांच के लिए 15 सदस्यीय कमेटी गठित
पंचायत में सरपंच प्रतिनिधि रामकिशन के नेतृत्व में एक 15 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया जो प्रशासन व पुलिस का सहयोग करते हुए पूरे मामले की जांच करेगी। 15 सदस्यीय कमेटी में रामकिशन, पवन नंबरदार, दरिया सिंह, ईश्वर मान, शमशेर, एडवोकेट बिजेंद्र, मान सिंह, नवीन शर्मा, अजय खंडेलवाल, खेमचंद, प्रताप गढ़वाल, सतबीर, महाबीर यादव, मुकेश गढ़वाल शामिल हैं। इस मौके पर पूर्व सरपंच रोहताश शर्मा, पवन नंबरदार, राजेराम शर्मा, राजेंद्र बांबल, उमेद सिंह, मांगे मान, शंकर शर्मा, खेमचंद, जगदीश, सतबीर व ग्रामीण मौजूद रहे।