फिर बदला सरसों खरीद का शेड्यूल
अमर उजाला ब्यूरो
बहल।
अनाज मंडी में चल रही सरसों की सरकारी खरीद के लिए गांवों के शेड्यूल को फिर से बदला गया है। खराब मौसम और मंडी में उठान प्रक्रिया धीमी होने के कारण प्रशासन एवं हैफेड अधिकारियों ने बाकी रहे चार गांवों के शेड्यूल में एक एक दिन का अंतर रखकर इसे 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया है।
हैफेड अधिकारी ऋषिकेश ने बताया कि अब नए शेड्यूल के अनुसार 24 अप्रैल को मंढ़ोली कलां, 26 अप्रैल को सुरपुरा कलां एवं सोरड़ा कदीम, 28 अप्रैल को गोकलपुरा तथा 30 अप्रैल को बिधनोई गांव के किसान अनाज मंडी में सरसों को सरकारी भाव चार हजार रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से बिक्री कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि किसान अपनी फसल को पूरी तरह से सुखाकर तथा उसे साफ कर ही लाएं। वहीं किसान मार्केट कमेटी में अपने कागजात पूरे कर गेट पास कटवा लें। उन्होंने बताया कि यह निर्णय खराब मौसम की वजह से लिया गया है।