नियमों को तोड़ने वाले निजी स्कूल व एकेडमी पर अगले हफ्ते होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
नियमों को ताक पर रखकर स्कूल चलाने वाले प्राइवेट स्कूल व एकेडमी के खिलाफ प्रशासन अगले सप्ताह से कार्रवाई करेगा। जिले में ऐसे स्कूलों की संख्या फिलहाल 70 है। प्रशासन ने शिक्षा विभाग के नियमों को पूरा करने के लिए स्कूल व एकेडमी संचालकों को दो दिन के अंदर एफिडेविट प्रस्तुत करने का समय दिया है।
शुक्रवार को यहां लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई बैठक में एसडीएम ने गैर मान्यता प्राप्त स्कूल संचालकों को यह चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की हिदायतों के अनुसार स्कूलों के पास मान्यता का होना जरूरी है और कक्षा की मान्यता के अनुरूप ही स्कूलों में बच्चों के दाखिले होने चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले में ऐसे करीब 70 स्कूल हैं, जो शिक्षा विभाग के नियमों की पालना नहीं कर रहे हैं। एसडीएम ने गैर मान्यता प्राप्त स्कूल व एकेडमी संचालकों को मान्यता से संबंधित दो दिन की अवधि में एफिडेविट देने का समय दिया है। उन्होंने कहा कि मान्यता के अनुरूप ही स्कूलों व एकेडमी में दाखिले होने चाहिए। मान्यता के विपरीत दाखिला करने वाले स्कूल और एकेडमी संचालकों के खिलाफ प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि अगले सप्ताह से गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों का निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान अनेक गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
--
निरीक्षण व कार्रवाई के लिए टीम गठित
जिला स्तर पर स्कूलों का निरीक्षण व कार्रवाई करने के लिए उच्चाधिकारियों की टीम का गठन किया गया है, जिसमें अतिरिक्त उपायुक्त, एसडीएम और जिला शिक्षा अधिकारी शामिल हैं।