अमर उजाला ब्यूरो
तोशाम। संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वावधान में रविवार को नई अनाज मंडी तोशाम में किसान महापंचायत हुई। इसकी अध्यक्षता संयोजक दलीप सिंह सांगवान ने की। पंचायत में भारतीय किसान यूनियन के युवा नेता गौरव सिंह टिकैत मुख्य अतिथि थे।
भारतीय किसान यूनियन के युवा नेता गौरव सिंह टिकैत ने पंचायत में कहा कि आज किसान आंदोलन चरम पर है। इस आंदोलन को अंतिम रूप देने के लिए सभी किसान संगठनों को एक होना पड़ेगा। भारतीय किसान यूनियन बिना किसी शर्त के किसान संयुक्त मोर्चा बनाने के लिए तत्पर है। कहा कि सरकार बनने से पहले किसानों के लिए बड़े-बड़े वादे किए गए थे। स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करने की बात कही गई थी। अब इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। पंचायत में दलीप सिंह सांगवान ने पंचायत के माध्यम से किसानों की कई समस्याओं को लेकर प्रस्ताव चर्चा के लिए किसानों के सामने रखे गए। सांगवान ने बताया कि स्वामीनाथन रिपोर्ट को लागू किया जाए, फसली बीमा योजना की त्रुटियां तुरंत दूर करें और फसली बीमा किसानों की सहमति के बिना न किया जाए, लावारिस पशुओं का तुरंत प्रबंध हो, किसानों के कर्ज मुक्त करने के लिए कर्जा मुक्ति बोर्ड गठित की जाए। इस मौके पर कमल सिंह प्रधान, सुनील पहलवान, दलबीर सिंह, रमेश खरकड़ी, मंगलसिंह खरेटा, बिजेंद्र सहरावत, सुनीता शर्मा आदि मौजूद रहे।