अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। गेस्ट टीचर्स के प्रदेश में एक माह से अब तक हुए सभी ट्रांसफर ऑर्डर को रद्द कर दिया गया है। डायरेक्टर एलीमेंटरी एजूकेशन ने ऑर्डर रद्द करने के आदेश जारी किए हैं। मई, जून, जुलाई माह में ही करीब 300 गेस्ट टीचर्स के ट्रांसफर हुए हैं। ट्रांसफर ऑर्डर रद्द होने के कारणों पर कोई खुलकर नहीं बोल रहा, मगर ट्रांसफर में पैसे का खेल चलने के आरोप लगे थे। कयास लगाए जा रहे हैं कि इसी के चलते ये ट्रांसफर ऑर्डर रद्द किए गए हैॅ। ट्रांसफर ऑर्डर रद्द होने से गेस्ट टीचर्स में रोष है और सरकार पर राजनीतिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगा रहे हैं।
नए सत्र की शुरूआत के बाद मार्च माह से ही शिक्षा विभाग में गेस्ट टीचर्स के ट्रांसफर शुरू किए गए थे। पहले मार्च माह में कुछ ट्रांसफर हुए। इनमें ज्यादातर ऐसे थे जो शादी होने या अन्य जरूरी कारणों के थे। मगर मई, जून, जुलाई माह में गेस्ट टीचर की मांग के अनुसार ट्रांसफर किए गए, जिससे गेस्ट टीचर्स में खुशी थी। जेबीटी, सीएंडवी, मास्टर्स, लेक्चरर आदि करीब 300 से अधिक गेस्ट टीचर्स के ट्रांसफर हुए। इस दौरान रुपये लेकर ट्रांसफर किए जाने के आरोप लगने लगे।
इन सबके बीच बृहस्पतिवार को अचानक ही डायरेक्टर एलीमेंटरी एजूकेशन ने सभी डिस्ट्रिक्ट एलीमेंटरी एजूकेशन ऑफिसर को पत्र जारी कर एक मार्च के बाद हुए सभी ट्रांसफर ऑर्डरों को रद्द करने के आदेश दे दिए। इन आदेशों के बाद सभी गेस्ट टीचर हैरान और परेशान हैं।
जहां नियमित भर्ती हुई या सरप्लस होने के कारण ट्रांसफर हुए, वे आदेश नहीं होंगे रद्द
नए आदेशों में साफ लिखा है कि ट्रांसफर होने के बाद उनकी जगह जहां-जहां भी नियमित भर्ती हो गई है या वे सरप्लस होने के कारण ट्रांसफर किए गए हैं तो वे ट्रांसफर ऑर्डर रद्द नहीं होंगे।
घोषणा हुई, अधिसूचना जारी नहीं हुई, लटका बढ़ा हुआ वेतन
प्रदेश सरकार की ओर से गेस्ट टीचर्स का वेतन बढ़ाने की घोषणा 12 जुलाई को की थी। मगर अभी तक इसकी आधिकारिक अधिसूचना या पत्र जारी नहीं किया है जिस कारण गेस्ट टीचर्स को बढ़ा हुआ वेतन नहीं मिल रहा। जेबीटी को पहले की तरह 21,715 वेतन मिल रहा है जबकि घोषणा 26 हजार की हो चुकी है। इसी तरह मास्टर एंड सीएंडवी को 24 हजार की बजाय 30 हजार और लेक्चरर को 29715 की बजाए 36 हजार देने की घोषणा की हुई है।
वर्जन::::
सरकार बेवजह अतिथि अध्यापकों को परेशान कर रही है। अब हालत ये है कि महिला गेस्ट टीचर रहने वाली फतेहाबाद की है और ड्यूटी कर रही है गुडग़ांव। परिवार में भी समस्याएं हैं। बड़ी मुश्किल से ट्रांसफर हुए थे और अब रद्द कर दिए गए। इससे गेस्ट टीचर्स काफी परेशान हैं। सरकार नियमित करने का वादा देकर आई थी, मगर यहां तो तंग किया जा रहा है। ना ही अभी तक बढ़ाए गए वेतन की अधिसूचना जारी की है, जिस कारण यह लाभ भी नहीं मिल रहा।
-राजेंद्र शास्त्री, राज्य प्रधान, हरियाणा अतिथि अध्यापक संघ
-----
वर्जन:::
गेस्ट टीचर्स के ट्रांसफर ऑर्डर रद्द होने की सूचना मिली है मगर अभी आधिकारिक तौर पर उनके पास ऐसा कोई पत्र नहीं आया है। आधिकारिक पत्र आने के बाद ही इस बारे में कुछ बताया जा सकता है।
-सदानंद वत्स, ड्रीईईओ, भिवानी।