अमर उजाला ब्यूरो
लोहारू। जयुपर से पिलानी के लिए किराए पर की गई ओला कैब को देर रात चार युवकों द्वारा गन प्वाइंट पर लूटने का मामला प्रकाश में आया है। घटना नगर के पिलानी रोड स्थित नवाब की कोठी के नजदीक की है। बदमाशों ने चालक का मोबाइल भी छीन लिया और चालक के मुंह में कपड़ा ठूंसकर चालक को पेड़ से बांधकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और चालक के बयान पर चार युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में उमरदीन पुत्र अब्दुला निवासी रानीपुरा जिला बूंदी राजस्थान ने बताया कि उसने जयपुर में ओला कैब के लिए स्विफ्ट गाड़ी लीज पर ले रखी है। वीरवार रात करीब साढ़े 8 बजे जयपुर से चार लड़कों ने उसकी गाड़ी पिलानी के लिए किराए पर बुक करवाई थी। इसके बाद वह जयपुर से पिलानी के लिए निकल पड़ा। देर रात करीब दो बजे के आसपास जब वह लोहारू के नवाब की कोठी के पास पहुंचा तो युवकों ने उसकी कनपटी पर रिवाल्वर लगा दी व गाड़ी को रूकवा लिया। गाड़ी रोकने पर आरोपियों ने मेरे साथ मारपीट की व मेरे दो मोबाइल फोन व दो हजार रुपये छीन लिए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर वहीं पेड़ से बांध दिया। उसके बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गए। उसने किसी तरह हिल-डुलकर खुद को पेड़ से खोला और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लोहारू में प्रतिदिन बढ़ रहे अपराधों से लोगों ने यहां गश्त बढाए जाने की मांग की है।