पंडित नेकीराम के नाम पर मेडिकल कॉलेज के नामकरण की मांग, शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी
लोक सेवा पंचायत समिति ने शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा से मुलाकात कर प्रेमनगर गांव में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का नामकरण स्वतंत्रा सेनानी पंडित नेकीराम शर्मा के नाम पर करने की मांग की है। समिति ने राज्य पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन ऋषि प्रकाश शर्मा व आरएसएस के सह-प्रमुख बौद्धिक प्रांत प्रभारी प्रदीप शास्त्री के माध्यम से मांग पत्र भी सौंपा।
लोक सेवा पंचायत समिति के संरक्षक पं. जभगवान शर्मा ने बताया कि महान स्वतंत्रता सेनानी पं. नेकीराम शर्मा ने देश की आजादी की लड़ाई में अपना अहम योगदान दिया था। उन्होंने होम रूल आंदोलन, असहयोग आंदोलन, नमक सत्याग्रह एवं सविनय अवज्ञा आंदोलन, व्यक्तिगत सत्याग्रह तथा भारत छोड़ो आंदोलन में भी बढ़चढ़ भाग लिया तथा 6 वर्ष 3 माह 20 दिन तक वे अलग-अलग जेलों में रहे। पं. नेकीराम शर्मा ने महान समाज सुधारक के तौर पर जीवन भर छुआछूत का विरोध किया, बाल विवाह, दहेज प्रथा आदि सामाजिक बुराइयों का विरोध किया। मांग पत्र सौपने वालों में लोक सेवा पंचायत समिति अध्यक्ष देवकांत शर्मा, नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष भानुप्रकाश शर्मा, संरक्षक वैद्य सुरेशचंद शास्त्री, संरक्षक दिदार भारद्वाज, संरक्षक सुरेंद्र शास्त्री, पं. जयभगवान शर्मा, कैलाश चौधरी, वासुदेव गुप्ता, एडवोकेट सतपाल शर्मा, डॉ. साधुराम, प्रचार्य शिलकराम शर्मा, दयानन्द शर्मा, देवेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।