युवक ने पुलिस कर्मियों पर लगाया पैसे मांगने का आरोप
भिवानी। साहब, पहले हत्या मामले में झूठा फंसाया। जांच में निर्दोष साबित हुआ तो अब झूठे केस में फंसाने के नाम पर 70 हजार रुपये ऐंठे तथा 30 हजार रुपये की और मांग की जा रही है। सीएम को ज्ञापन सौंपने पहुंचे युवक ने बवानीखेड़ा के विधायक को ज्ञापन सौंपा। विधायक ने इस मसले पर पुलिस अधीक्षक से बात करने और यथोचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
गांव रामूपुरा बलियाली वासी युवक आकाश सीएम रैली में पहुंचा और विधायक को शिकायत पत्र सौंपा। शिकायत में बताया कि पांच दिसंबर 2016 को हुए हत्याकांड में उसका नाम लिखवा दिया गया। जांच हुई तो वह निर्दोष पाया गया। इसके बाद बवानीखेड़ा के दो पुलिस कर्मचारियों ने उसे तंग करना शुरू कर दिया और 70 हजार ऐंठ लिये। अब दोबारा से उसे तंग किया जा रहा है और धमकी दी जा रही है कि 30 हजार रुपये नहीं दिए तो झूठे केस में फंसाएंगे। आकाश ने शिकायत में उसकी सुरक्षा करने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। आकाश ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए तो सब कुछ साफ हो जाएगा।
बवानीखेड़ा विधायक बिशंबर वाल्मीकि ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ है। बलियाली के आकाश ने उन्हें शिकायत की थी और यह शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी गई है।