अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
जीएनएम का कोर्स कर रही नर्सिंग छात्राओं ने प्रथम और द्वितीय वर्ष का परिणाम घोषित नहीं करने पर रोष जताते हुए शहर में प्रदर्शन किया। छात्राओं ने हेल्थ यूनिवर्सिटी के कुलपति और परीक्षा नियंत्रक को संबोधित ज्ञापन सौंपकर रिजल्ट जल्द घोषित करने मांग की।
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले नर्सिंग छात्राएं पिछला परिणाम घोषित नहीं किए जाने के विरोध में शुक्रवार को सड़क पर उतर आईं। सामान्य अस्पताल से लघु सचिवालय तक शहर में प्रदर्शन कर रोष जताया। इसके बाद हेल्थ यूनिवर्सिटी के कुलपति और परीक्षा नियंत्रक को संबोधित ज्ञापन डीसी स्टाफ को सौंप परिणाम जल्द घोषित करने की मांग की। छात्राओं ने आरोप लगाया कि वे तृतीय वर्ष में पढ़ रही है, लेकिन प्रथम और द्वितीय वर्ष का परिणाम अभी तक घोषित नहीं किया गया है। नर्सिंग छात्राओं ने बताया कि यदि पांच साल में जीएनएम होगी तो इससे बेहतर वे एमबीबीएस ही कर लेती। हजारों छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
एसएफआई जिला अध्यक्ष राहुल सरोहा और क्रांति ने कहा कि प्रदेश में 15 हजार के लगभग छात्राएं एएनएम जीएनएम का कोर्स कर रही हैं। इन छात्राओं ने वर्ष 2013 में और उसके बाद दाखिला लिया था। उनका कोर्स अभी तक अधर में लटका हुआ है। किसी का दो साल का तो किसी का एक वर्ष का परिणाम अभी तक घोषित नहीं किया गया। वर्ष 2015 में जिन छात्राओं का दाखिला हुआ। उनकी एक बार भी परीक्षा नही हुई है। ऐसी स्थिति में कैसे इन हजारों छात्राओं का कोर्स पूरा हो पाएगा।
एक अन्य मामला ये है कि जिन विद्यार्थियों ने कोर्स कर लिया उनकी मार्कशीट नहीं दी गई। कोर्ट भी मार्कशीट जारी करने के आदेश दे चुका है। नर्सिंग छात्राओं ने सरकार पर उनके भविष्य के प्रति असंवेदनशील होने का आरोप लगाया है। इस मौके पर विनोद अभिषेक, निशा, सपना, किरण, रितु, पूजा, पूनम, सविता, मनीषा, सुमन, मीनू आदि शामिल रही।