भिवानी। पुलिस ने नवरात्र के उपलक्ष्य में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। इसके अलावा जिले की पुलिस को भी यह निर्देश दिए गए है कि वे अपने इलाके में पडने वाले मंदिरों में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध करें ताकि मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए आने वाले भक्तजनों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो तथा कोई असमाजिक तत्व किसी प्रकार की हरकत न करने पाएं।
एसपी सुरेन्द्र भौरिया ने बताया कि नवरात्रों के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर चाक चौबंद प्रबंध किए है। भिवानी शहर में भोजावाली देवी मंदिर, नया बाजार के लिए देवसर धाम मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था के पुता प्रबंध किए गए है। वहीं, लोहारू क्षेत्र के पहाड़ी माता मंदिर में भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए है। पुलिस की गाडिय़ों के अलावा विशेष रूप से राइडर्स और पीसीआर को विशेष गश्त के आदेश दिए गए है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा जिले भर के थाना प्रभारियों को निर्देश जारी किए गए है कि उनके इलाके में आने वाले मंदिरों की विशेष निगरानी करते हुए वहां सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करें ताकि किसी भी भक्तजन को परेशानी न हो तथा किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना घटित न हो सके।