खराब रिजल्ट पर भड़के कालेज छात्र, किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। सीबीएलयू का पीजी कक्षाओं का परीक्षा परिणाम खराब आने पर दादरी के जनता कालेज के छात्रों ने मंगलवार को वीसी कार्यालय के समक्ष रोष प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस दौरान विद्यार्थियों ने यूनिवर्सिटी कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रिजल्ट संसोधित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि रिजल्ट संशोधित नहीं किया तो कक्षाओं का बहिष्कार जारी रहेगा।
दादरी के जनता कालेज में पीजी कक्षाओं के विद्यार्थी चौ. बंसीलाल यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर एकत्रित हुए और रोष जताते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे इनसो के जिला प्रधान मंदीप सुई ने कहा कि यूनिवर्सिटी द्वारा पीजी कक्षाओं के रिजल्ट में भारी गोलमाल किया है। पहले रिजल्ट जारी कर दिया, उसके दो दिन बाद फिर से संसोधित करके रिजल्ट जारी कर अधिकांश छात्रों को फेल दिखा दिया। ऐसा विद्यार्थियों के साथ बार-बार हो रहा है। यूनिवर्सिटी कर्मचारियों की लापरवाही के चलते विद्यार्थियों का भविष्य खराब किया गया है। अगर रिजल्ट संसोधित नहीं किया तो स्नातक कक्षाओं के विद्यार्थियों के साथ मिलकर लगातार कक्षाओं का बहिष्कार किया जाएगा। कालेज छात्रा मोंटी, सुनील, सारिका, बनीता, रिंकू, रजनी ने कहा कि पीजी ही नहीं बल्कि स्नातक कक्षाओं के विद्यार्थियों के रिजल्ट में भी लापरवाही की है। ऐसे में विद्यार्थियों का भविष्य खराब हो जाएगा। इस अवसर पर नितिन घनघस, राहुल ग्रेवाल, संदीप बलोदा, भीम, साहिल, अभिषेक, कुणाल राजपूत, पारू सांगवान, अभिनव आदि विद्यार्थी उपस्थित थे।