डीआरएम ने निरीक्षण कर लिया रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। बीकानेर मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनिल कुमार दुबे ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ खामियों पर उन्होंने आपत्ति जताई। वहीं नई व्यवस्थाओं के लिए सुझाव भी दिया। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर गैस सिलिंडर का प्रयोग नहीं करने की हिदायत दी। डीआरएम ने रेलवे कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर सेपक टकरा खेल के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया।
डीआरएम बीकानेर मंडल अनिल कुमार दुबे सुबह करीब आठ बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। यहां व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद रेलवे कॉलोनी में आयोजित सम्मान समारोह में शिरकत की। यहां खिलाड़ियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के बाद दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और स्थानीय रेलवे अधिकारियों से बातचीत करने के बाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। साथ ही यहां लगने वाली स्वचालित सीढ़ियों के बारे में भी चर्चा की। डीआरएम के निरीक्षण के चलते रेलवे स्टेशन साफ-सुथरा नजर आया। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक जीएस गुप्ता, सेपक टकरा संघ से पदाधिकारी भानूप्रकाश, सुनील शास्त्री आदि मौजूद रहे।
---
दैनिक रेल यात्री संघ पदाधिकारियों ने की प्रबंधक से मुलाकात
दैनिक रेल यात्री एवं जनकल्याण संघ के प्रधान एवं रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्यों ने भिवानी आगमन पर बिकानेर रेल मंडल के प्रबंधक अनिल कुमार दुबे से मुलाकात की। इस दौरान प्रधान महाबीर डालमिया ने बताया कि स्वचालित सीढ़ियों को लगाने का कार्य 15 फरवरी तक शुरू किया जाएगा। उन्होंने भिवानी जंक्शन पर वेटिंग रूम एवं रिटायरिंग रूम के मंजूर कार्य को भी 15 फरवरी से शुरू कराने की बात कही। डालमिया ने बताया कि मंडल प्रबंधक से जागृति कालोनी में अंडर पास बनाने की बात की तो उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन को एनओसी देनी होती है। वह वे देने को तैयार हैं। इसका बजट राज्य सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि किसान एक्सप्रेस का बवानीखेड़ा में ठहराव की शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा।