अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। कॉलेज व स्कूल जाते समय छात्राओं व ड्यूटी पर जा रही महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले मनचलों की अब खैर नहीं। क्योंकि वीरवार से जिले में दुर्गा शक्ति आ रही है। इसके बाद से महिलाओं पर फब्तियां कसने वाले मनचलों पर कड़ी कार्रवाई होगी और कार्रवाई भी इतनी जल्दी होगी कि उन्हें भागने तक का मौका नहीं मिलेगा। शहर में महिला सुरक्षा को लेकर ऐसी तैयार की जा रही है जिससे मनचलों का बच पाना मुश्किल होगा। दुर्गा शक्ति के एक बटन दबाते ही ना केवल महिलाओं की लोकेशन सीधा हैडक्वार्टर पहुंचेगी बल्कि मिनटों में दुर्गा शक्ति पीसीआर उनके पास खड़ी मिलेगी। इसके लिए दुर्गा शक्ति के नाम से पीसीआर भी शहर में 24 घंटे तैनात होगी, जो जीपीआरएस से लैस होगी और हैडक्वार्टर से कनेक्ट रहेगी। दुर्गा शक्ति पीसीआर को 12 जुलाई को पंचकुला पुलिस हैडक्वाटर से हरी झंडी दिखाकर हर जिले में रवाना किया जाएगा।
नए ड्रेस कोड के साथ बाजू पर होगा दुर्गा शक्ति का बैज
महिलाओं को सुरक्षा प्रदान के लिए दुर्गा शक्ति में तैनात किए जाने वाले पुलिस कर्मियों के लिए स्पेशल ड्रेस तैयार करवाई गई है। यह ड्रेस रेपिड एक्शन फोर्स की तरह आसमानी रंग की होगी। उसके अलावा उनके बाजू पर दुर्गा शक्ति का बैज भी लगाया जाएगा। पुलिसकर्मियों के लिए स्पेशल ड्रेस व बैज तैयार हो चुके हैं।
दो महीने की दी गई स्पेशल ट्रेनिंग
महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने में पुलिस प्रशासन इस बार किसी भी प्रकार के समझौते के मूड में नहीं है। दुर्गा शक्ति ऑपरेशन में तैनात किए जाने वाले पुलिसकर्मियों को दो महीने की स्पेशल ट्रेनिंग दी गई है। मौके पर पहुंचने से लेकर मनचलों से निपटने तक के सभी दाव-पेंच व अन्य तौर तरीकों की बारीकी से जानकारी दी गई है ताकि किसी भी प्रकार से मनचले बच ना पाएं।
जीपीआरएस से होेगी लैस
पुलिस विभाग द्वारा प्रदेशभर के लिए दुर्गा शक्ति के नाम से पीसीआर भी तैयार करवाई गई हैं जिन्हें वीरवार को पंचकूला से हर जिले में भेजा जाएगा। ये पीसीआर पंचकूला में बने कंट्रोल रूम से जुड़ी होगी। जैसे ही कोई कॉल उनके पास पहुंचेगी तो दुर्गा शक्ति पीसीआर तुरंत उस लोकेशन पर पहुंचेगी और अपराधियों को पकड़ेगी।
ऐसे काम करेगी ऐप
पुलिस विभाग द्वारा दुर्गा शक्ति के नाम से एक ऐप लांच की जाएगी जिसे अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड करना पड़ेगा। उसमें एक लाल रंग का बटन दिखाई देगा। जब भी कोई युवती या महिला किसी मुसीबत में होगी तो उसे सिर्फ उस बटन को दबाना होगा। जैसे ही बटन दबेगा ऐप के जरिये लोकेशन तुरंत कंट्रोल रूम में दिखाई देगी। सूचना कंट्रोल रूम में पहुंचते ही उस लोकेशन पर नजदीकी थाने से पुलिस या फिर दुर्गा शक्ति पीसीआर मौके पर पहुंचेगी।
कॉलेज, पार्क व कोचिंग सेंटर पर तैनात होगी दुर्गा शक्ति में शामिल पुलिसकर्मी
अक्सर देखा जाता है कि महिला कॉलेज, स्कूल या फिर कोचिंग सेंटर में आने वाली छात्राओं को छेड़ने के लिए वहां पर मनचले खड़े मिलते हैं। मनचलों द्वारा छेडख़ानी से छात्राओं को परेशानी के साथ शर्मिंदगी भी झेलनी पड़ती है। दुर्गा शक्ति में शामिल पुलिसकर्मी जिले में महिला कॉलेज, स्कूल व भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर उनकी तैनाती की जाएगी ताकि किसी भी छात्रा या फिर महिला के साथ छेडख़नी ना हो सके।
थाने में हर रविवार जान सकेंगे आमजन अपने केस का स्टेटस
लोगों को अब अपने केस का स्टेटस जानने के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। अपने केस का स्टेटस जानने के लिए एसपी ऑफिस व थानों के चक्कर काटकर आमजन परेशान हो जाता था। आमजन को परेशानी ना उठानी पड़े इसके लिए पुलिस नई पहल शुरू कर रही है। इसके चलते पुलिस हर रविवार को 10 से 12 बजे तक चौकी या थानों पुलिस स्टेटस की जानकारी देगी। एसपी ने अपने उच्चाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि मामले का जांच अधिकारी शिकायतकर्ता को उसके मामले के स्टेटस के बारे में जानकारी देगा। इस मामले में अगर किसी भी अधिकारी या कर्मचारी ने लापरवाही बरती तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।
वर्जन
दुर्गा शक्ति ऑपरेशन के लिए एक कंपनी स्पेशल तैयार की गई है जिसमें 74 पुलिसकर्मी शामिल किए गए हैं। इनमें से दो प्लाटून पुरुषों की तो एक प्लाटून महिला पुलिसकर्मियों की होगी। दुर्गा शक्ति ऑपरेशन के तहत मनचलों पर नकेल कसने के लिए दुर्गा शक्ति का गठन किया गया है। ये पुलिसकर्मी महिला कॉलेज से लेकर हर उस जगह तैनात किए जाएंगे जहां पर महिलाओं की भीड़ ज्यादा होती है। इससे जिले में महिलाओं की सुरक्षा बढ़ेगी साथ ही कानून व्यवस्था को भी मजबूती से लागू किया जा सकेगा।
-गंगाराम पूनिया, एसपी, भिवानी।
फोटो