सीएम फ्लाइंग ने किया राशन कार्ड बनाने के नाम पर ठगी भंडाफोड़
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
शहर में गुलाबी व पीले राशन कार्ड बनाने के लिए ऑनलाइन फीस 10 रुपये तय की हुई है, लेकिन कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में लोगों से 10 से 15 गुणा ज्यादा राशि वसूली जा रही थी। सीएम फ्लाइंग ने सेंटर पर छापा मारकर ठगी के इस खेल का भंड़ाफोड़ किया है। दस्ते ने आरोपी युवक को मौके पर ही दबोच कर बीटीएम पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के कब्जे से भरे गए 48 एपीएल फार्म व 68 सौ रुपये की नकदी बरामद की गई।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने अब नए राशन कार्ड बनाने का काम ऑनलाइन शुरू कर दिया है। शहर व गांवों में बनाए गए सीएससी सेंटर व अटल सेवा केंद्रों पर महज दस रुपये की फीस देकर इसे बनवा सकता है, लेकिन जिले भर में गरीब जनता से लोग धोखाधड़ी कर ठगी की जा रही है। वीरवार सुबह सीएम फ्लाइंग दस्ते में शामिल सीआईडी इंस्पेक्टर आजाद सिंह, खाद्य आपूर्ति विभाग डीएफसी नरेंद्र कुमार, एएफएसओ सतवीर, इंस्पेक्टर अजय, नरेंद्र, सब इंस्पेक्टर सुखवीर की टीम ने सेवा नगर स्थित जोगी धर्मशाला में छापा मारा। छापे के दौरान वहां से दादरी गेट निवासी नीरज नामक युवक को काबू किया, जो वार्ड वासियों से एपीएल कार्ड बनाए जाने के नाम पर प्रत्येक फार्म की फीस 150 रुपये ले रहा था। फ्लाइंग दस्ते ने उसके कब्जे से 48 फार्म व लोगों से अवैध रूप से वसूले गए करीब 68 सौ रुपये बरामद किए।
---
पकड़े गए आरोपी ने कहा, पार्षद प्रवीण मास्टर बुला कर लाया था यहां
पुलिस व फ्लाइंग दस्ते के सामने आरोपी युवक नीरज ने कहा कि उसे नहीं पता की वास्तव में फीस कितनी लगती है। मुझे तो वार्ड नंबर 13 के पार्षद मास्टर प्रवीण यहां लेकर आया था। उसने कहा प्रवीण मास्टर ने दादरी गेट पर सीएससी सेंटर खोला हुआ है। मुझे कहा गया था कि वार्ड नंबर 19 सेवा नगर स्थित जोगी की धर्मशाला में राशन कार्ड के फार्म एकत्रित करने हैं।
---
वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि के कहने पर पहुंचे थे फार्म जमा करवाने
वार्ड नंबर 19 सेवा नगर निवासी सुनील, अशोक कुमार, उमेद सिंह, विजय, राजेश, जवाहर लाल व शंकर ने बताया कि वीरवार सुबह कालोनी वासियों को वार्ड की पार्षद किरणबाला के पति मा. अशोक ने राशनकार्ड फार्म भरवाने के लिए जोगी वाली धर्मशाला में बुलाया था। वहां जाने पर पता चला कि 150 रुपये फीस देने होगी, जबकि फीस है केवल 10 रुपये है।
--
पार्षदों की गुटबाजी में मुझे फंसाया गया
किसी से कोई ज्यादा फीस नहीं ली जा रही थी। केवल मुझे पार्षदों की गुटबाजी के कारण फंसाया गया है। सीएससी की जितनी फीस है उतनी ही वसूली जाती है। लगाए गए आरोप निराधार है।।
पार्षद, प्रवीण मास्टर
--
पार्षद व कारिंदे पर किया मामला दर्ज
सीएम फ्लाइंग दस्ते के सब इंस्पेक्टर विजय कुमार की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले पार्षद प्रवीण मास्टर व उसके कारिंदे नीरज के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
रणवीर सिंह, इंचार्ज चौकी बीटीएम