भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से करवाई गई डीएलएड प्रवेश वर्ष-2019 प्रथम वर्ष (रि-अपीयर) एवं प्रवेश वर्ष-2020 द्वितीय वर्ष (नियमित) परीक्षा में 10 नकलची पकड़े गए। ड्यूटी में कोताही के कारण एक पर्यवेक्षक को कार्यभार मुक्त किया गया।
बोर्ड अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह व सचिव कृष्ण कुमार ने बताया कि संयुक्त सचिव के उड़नदस्ते ने जिला महेंद्रगढ़ के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जहां चार नकलची पकड़े गए। इस पर परीक्षा केंद्र एनआरबी हाई स्कूल, नजदीक न्यू कोर्ट, नारनौल रोड, महेंद्रगढ़-32 (बी-1) पर कार्यरत इसी विद्यालय की पर्यवेक्षक अंशिका, प्राइमरी अध्यापक को परीक्षा ड्यूटी में कोताही बरतने के कारण कार्यभार मुक्त कर दिया गया।
इसके अलावा बोर्ड अध्यक्ष के स्पेशल उड़नदस्तों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जहां जिला कुरुक्षेत्र, रोहतक, सोनीपत व नारनौल में नकल के पांच मामले दर्ज किए गए हैं। जिला हिसार के परीक्षा केंद्र हिसार-10 में नियुक्त केंद्र अधीक्षक ने एक नकलची पकड़ा। डीएलएड प्रथम व द्वितीय वर्ष (नियमित/रि-अपीयर) की परीक्षा में प्रदेशभर के 57 परीक्षा केंद्रों पर 13,911 छात्र-अध्यापक शामिल हुए।