भिवानी। ठाकुर बीर सिंह पार्क के साथ खाली जगह पर गंदगी का आलम बना है। इस जगह को नगर परिषद अब दिल्ली के चांदनी चौक की तर्ज पर विकसित करेगी। इसके लिए योजना का खाका लगभग तैयार हो गया है। खाली जगह की चहारदीवारी का काम शुरू हो गया है। जबकि यहां फैली गंदगी को भी जल्द साफ कराया जाएगा। इसी के साथ पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में नया कूड़ा डंपिंग प्वाइंट भी बना दिया गया है। यहां पक्षियों के लिए भी दाना प्वाइंट बनेगा, जबकि दीवार पर थ्री डी पेंटिंग कराई जाएगी। साथ ही फव्वारे भी लगेंगे। जगह को ऊंचा उठाकर प्लेटफार्म भी बनेगा। जहां लोग भ्रमण कर सकेंगे।
शहर की नई सरकार अब शहर में साफ सफाई को लेकर एक्शन मोड में आ गई है। इसी को लेकर करीब एक दशक से गंदगी का प्वाइंट बने पुराना बस स्टैंड क्षेत्र के जीर्णोद्धार के लिए भी नगर परिषद ने अहम कदम उठाया है। यहां सिविल लाइन पुलिस थाना के साथ से नया बाजार की तरफ जाने वाली सड़क के साथ खाली जगह पर चहारदीवारी का निर्माण करवाया जाएगा। फिलहाल यहां कूड़ा प्वाइंट निर्माण का काम शुरू हो गया है। मंगलवार को नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने यहां के हालातों का जायजा लिया। इस मौके पर क्षेत्र के प्रबुद्घ लोग भी मौजूद रहे। लोगों ने बताया कि पुराना बस स्टैंड पर खाली जगह करीब एक दशक से बदहाल पड़ी है। यहां पर दिनभर बेसहारा पशु बैठे रहते हैं, जबकि चारों तरफ कूड़ा फैला रहता है। नगर परिषद इस जगह को दिल्ली के चांदनी चौक की तरह विकसित करवाएगी। पक्षियों के लिए दाना प्वाइंट बनाया जाएगा और फिर आसपास चहारदीवारी भी करवाएगी। जगह आकर्षक दिखे इसके लिए दीवारों पर थ्री डी पेंटिंग करवाई जाएगी। इसी के साथ यहां पर भगवान श्रीकृष्ण की भव्य प्रतिमा लगाने का भी विचार हो रहा है। इसके अलावा आसपास फव्वारे और जगह को ऊंचा उठाकर ब्लॉक से प्लेटफार्म तैयार करवाया जाएगा। जहां पर लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां व भ्रमण के लिए पगडंडी भी बनेगी। पुराना बस स्टैंड क्षेत्र व क्राउन-प्लाजा के आसपास के क्षेत्र में लोग गंदगी डाल रहे हैं। ये सब बनने से गंदगी से भी निजात मिलेगी। यहां अलग से कूड़ा डालने के लिए डंपिंग प्वाइंट भी बनवाया गया है। जिसका सफाई कर्मचारी नियमित रूप से उठान भी करेंगे।
ये बोले क्षेत्रवासी
पुराना बस स्टैंड क्षेत्रवासी मनीराम खिच्ची, संजय तंवर पार्षद प्रतिनिधि, सतीश तंवर, ईशु, सूर्यकांत पार्षद, शैली गुर्जर, प्रहलाद गुर्जर, सुभाष, सुधन सिंह यादव, वेदप्रकाश यादव ने बताया कि करीब एक दशक से यहां लोग कूड़ा कचरा डाल रहे हैं। बदबू से आसपास डटे रहना भी मुश्किल हो जाता है। यहां नगर परिषद जगह का जीर्णोद्धार कराता है तो यहां शहर के बीच का हिस्सा भ्रमण और पर्यटन दोनों ही सूरत में अहम होगा। आसपास के लोगों के लिए भी यहां भ्रमण कर पाना संभव होगा, क्योंकि यहां बेसहारा पशु व गंदगी दोनों ही परेशानी बने हैं।
पुराना बस स्टैंड क्षेत्र के हालातों का जायजा लेने के बाद यहां कूड़ा पिट बनाने का काम शुरू करा दिया है। इस जगह का जीर्णोद्धार करवाया जाएगा। जहां फव्वारे लगेंगे, बैठने और भ्रमण की व्यवस्था होगी। चांदनी चौक की तरह यहां पक्षियों के लिए भी एक जगह बनाई जाएगी। जिसके बाद यहां लोगों का मन लगेगा और आकर्षण भी बढ़ेगा।
- भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि एवं पार्षद नगर परिषद भिवानी।