हरियाणा के जिला फतेहाबाद के रतिया के एक गांव के सरकारी स्कूल के बाहर से चार युवकों ने दो छात्राओं (बुआ-भतीजी) का कार में अपहरण कर भूना ले जाकर एक के साथ दुराचार किया, जबकि दूसरी के साथ छेड़छाड़ की।
आरोपियों ने दुराचार की वीडियो क्लिप भी बनाई है। पीड़ित छात्राओं को रविवार रात रतिया के सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया गया। छात्राओं ने उपमंडल न्यायिक दंडाधिकारी के सामने अपने बयान दिए हैं।
पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि वह 10वीं और और उसकी भतीजी 9वीं में पढ़ती है। शनिवार सुबह स्कूल गेट पर पवन और संजय ने जबरदस्ती दोनों को कार में डाल लिया। इसके बाद कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया।
दोनों युवक पहले फतेहाबाद और फिर सिरसा इलाके में और उसके बाद भूना के खेत में बने एक कमरे ले जाकर पवन ने 10वीं की छात्रा से दुराचार किया और वीडियो क्लिप बना ली, जबकि संजय, विकास और पीनिया बाहर खड़े होकर निगरानी करते रहे।
9वीं की छात्रा ने बताया कि विकास और पीनिया बाहर उससे छेड़छाड़ करते रहे। इसके बाद युवक वीडियो क्लिप लोगों को दिखाने की धमकी देते हुए छात्राओं को उनके घर के पास छोड़कर फरार गए। छात्राआें ने घटना की जानकारी अपने परिजनाें को दी।
इसके बाद गांव में पंचायत हुई, मगर कोई फैसला न होने पर रविवार रात को दोनों छात्राओं का मेडिकल करवाया गया। थानाध्यक्ष जुगल किशोर ने बताया कि पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सभी युवक रत्ताखेड़ा के रहने वाले हैं। आरोपियाें को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं।