गोहाना रैली में मुख्यमंत्री द्वारा आशा वर्करों के लिए कोई भी घोषणा न किए जाने के रोष स्वरूप सोमवार को आशा वर्करों ने शहर में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान आशा वर्करों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और निर्णय लिया कि सरकार ने उनकी मांगों को पूरा न किया तो आने वाले चुनावों में कांग्रेस को एक भी वोट नहीं दिया जाएगा। बाद में आशा वर्करों ने मांगों से संबंधित ज्ञापन डीसी कार्यालय में सौंपा।
सोमवार को आशा वर्कर नेहरू पार्क में एकत्रित हुई। इस दौरान मीना, नन्ही, मुकेश, सुनीता, शीला, पुष्पा, सुनहरी, प्रमिला, सुनीता, राजेश, शिक्षा, गीता, संतोष और रोशनी ने कहा कि आशा वर्कर पिछले कई साल से पूरी मेहनत से काम कर रही हैं। सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है लेकिन सरकार आशा वर्करों की कोई सुध नहीं ले रही है।
वेतन के नाम पर उन्हें नाममात्र रुपये ही दिए जा रहे हैं। आशा वर्कर लंबे समय से पक्का करने और सरकारी कर्मियों के अनुसार भत्ते दिए जाने की मांग कर रही हैं। लेकिन सरकार द्वारा आशा वर्करों की कोई सुध नहीं ली जा रही है। कांग्रेस सरकार लगातार उनकी अनदेखी करती आ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आने वाले चुनाव में आशा वर्कर एक भी वोट कांग्रेस प्रतिनिधियों को नहीं देंगी।