झूठी जानकारी देकर जिले में सैकड़ों युवा सक्षम बन गए। इसी जानकारी के आधार पर वे सरकारी मानदेय भी हासिल करने लगे। परिवार पहचान पत्र से इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। प्रमाणपत्रों की जांच में एक हजार से ज्यादा सक्षम युुवाओं की शैक्षणिक योग्यता और परिवार पहचान पत्र में दिखाई गई योग्यता आपस में मेल नहीं खा रही।
जानकारी के अनुसार जिले में वर्तमान में 9400 युवा सक्षम हैं। अब इन सभी युवाओं का रिकॉर्ड न केवल खंगाला जा रहा है बल्कि इन्हें संदेश भेजे जा रहा हैं। इन्हें शुरुआत में खुद अपना रिकॉर्ड दुुरुस्त करवाने के निर्देश दिए जा रहा है अन्यथा इन्हें विभागीय पोर्टल से हटाने की चेतावनी भी दे गई है। अभी तक करीब 15 युवाओं का रिकॉर्ड जांचा जा चुका है। जिन्होंने गलत शैक्षणिक योग्यता दिखाकर मानदेय भी हासिल कर लिया। अब इन सभी पर शिकंजा कसा जाएगा। पहले इनके नाम पोर्टल से हटाए जाएंगे इसके बाद इनसे रिकवरी भी की जा सकती है। बता दें कि सक्षम योजना का लाभ नियमित पढ़ाई वाले होनहार ही ले सकते हैं। यानी 12वीं, स्नानतक और स्नातकोत्तर नियमित होनी चाहिए। यदि 12वीं नियमित है और इसके बाद की पढ़ाई दूरवर्ती निदेशालय या ओपन से की है तो उसका लाभ प्रार्थी नहीं ले सकता। संवाद
-------------------------------
कुछ कर रहे प्राइवेट नौकरी, नाम सक्षम में जारी
परिवार पहचान पत्र और पैनकार्ड से ये भी जानकारी मिली है कि जिन युवाओं के सक्षम योजना में नाम दर्ज हैं उनमें से बहुत से युवा प्राइवेट संस्थानों में नौकरी भी कर रहे हैं। कुछ ने आय भी गलत बताई है। बता दें कि सक्षम में लाभ लेने के लिए विभिन्न स्रोत से वार्षिक आय 3 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। लेकिन ऐसे भी बहुत से युवा हैं जोकि इस सीमा को पार करते हैं लेकिन योजना का लाभ फिर भी ले रहे हैं।
----------------------
क्या है बेरोजगारी भत्ते और 100 घंटे के बदले मानदेय का प्रावधान
युवा सक्षम योजना का लाभ प्रदेश के इंटरमीडिएट, स्नातक, स्नातकोत्तर कर चुके अभ्यार्थी ही ले सकते हैं। प्रदेश सरकार बेरोजगार स्नातकोत्तर युवाओं को हर महीने 3000 रुपये बेरोजगारी भत्ता को मिलाकर कुल 9000/- रुपये हर माह वेतन के तौर पर प्राप्त करते हैं। स्नातक युवाओं को 1500 रुपये रुपये भत्ते को मिलकर कुल 7500 रुपये वेतन के तौर पर लेते हैं। इसी तरह 12वीं पास को 900 बेरोजगारी भत्ते सहित कुल 6900 रुपये प्रति माह मिलते हैं। इस योजना का लाभ केवल 03 वर्षों तक उठा सकते हैं। हरियाणा सक्षम योजना के अंतर्गत नौकरी मिलने पर लाभार्थी को 1 महीने में 100 घंटे काम और 1 दिन में 4 घंटे काम करना होगा।
-----------------------
सरकार की ओर से पीपीपी में शैक्षणिक योग्यता को अपडेट करने का समय दिया था। अब जिन युवाओं ने शैक्षणिक योग्यता को अपडेट नहीं किया है। ऐसे युवाओं को मैसेज भेजे जा रहे हैं। बहुत से युवा ऐसे हैं जिनकी शैक्षणिक योग्यता गलत मिली है। करीब एक हजार ऐसे युवा हैं। जिन्हें अभी समय दिया गया है क्योंकि पीपीपी पोर्टल पर दो बार से ज्यादा अद्यतन भी नहीं हो सकती। इसीलिए भी कुछ युवा शैक्षणिक योग्यता अद्यतन नहीं कर पा रहे। जिन्होंने आय गलत बताकर लाभ लिया है निश्चित तौर पर उनसे भी वसूली की जाएगी।
- ममता, जिला रोजगार अधिकारी, अंबाला।
---------
परिवार पहचान पत्र के जरिए सक्षम युवाओं की योग्यता और आय की जांच की जा रही है। योग्यता के मामलों की बात करें तो करीब 10-15 ऐसे मामले अभी सामने आए हैं लेकिन अभी तो जांच चल रही है।
विनय गुलाटी, डीआईओ अंबाला।