अंबाला। पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला हो गया। आरोपियों ने युवक को घेरा और उस पर लाठी-डंडों, तलवार और गंडासी से हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बब्याल निवासी मनोज कुमार उर्फ मोंटी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 जून की सुबह करीब 7 बजे वह अपने खेतों में घास काटने जा रहा था। जब वह गत्ता फैक्ट्री के पास पहुंचा, तो रिंका, मणी, बिंदर, रामु, मोनु और राजीव ने उसे घेर लिया। शिकायत के अनुसार, आरोपियों के हाथों में लाठी, डंडे, गंडासी और तलवारें थीं।
मनोज के शोर मचाने पर उसका भतीजा हरप्रीत सिंह वहां पहुंचा। भतीजे को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। महेशनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और पीड़ित की एमएलआर रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत समूह में हमला करने की धारा 190, घातक हथियारों का इस्तेमाल 191(3), गलत तरीके से रोकना 126(2), शारीरिक चोट पहुंचाना 115(2), गंभीर चोट पहुंचाना 118(1) व आपराधिक बल का प्रयोग करने की धारा 351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। संवाद