संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। शहर की एक काॅलोनी में रहने वाले युवक को पड़ोसी की बेटी से बात करना महंगा पड़ गया। युवती के माता-पिता ने युवक की बुरी तरह पिटाई कर दी। घायल युवक का कहीं कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर मदद मांगी। मोबाइल नंबर के लोकेशन के आधार पर पुलिस ने युवक को रणजीत नगर स्थित एक खंडहर मकान में बेसुध हालत में ढूंढकर नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी दंपती के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
थाना अंबाला सिटी पुलिस को दी शिकायत में शहर की न्यू इंद्रपुरी कॉलोनी रविदास बस्ती निवासी दयाराम ने बताया कि उसका 18 साल का बेटा सुखदेव उर्फ शिवम पड़ोस मे रहने वाले व्यक्ति की बेटी से बातचीत करता था। इस बात का पता चलते ही उन्होंने बेटे को चार महीने पर लुधियाना में काम करने के लिए भेज दिया था। 5 नवंबर की रात आठ बजे उसका बेटा सुखदेव उर्फ शिवम घर पर आया और रात रुकने के बाद अगले दिन सुबह वह लुधियाना जाने की बात कहकर घर से निकल गया।
उसी दिन शाम को पांच बजे पड़ोसी दंपती उसके घर आए और गाली गलौज करने लगे और कहा कि शिवम ने उनकी बेटी को मारा है। इसलिए वह शिवम को जान से मार देंगे। इसके बाद वह दंपती वहां से चला गया। इसके बाद उन्होंने कई बार शिवम का फोन मिलाया लेकिन शिवम ने फोन नही उठाया। दयाराम ने पत्नी के साथ बेटे की तलाश की लेकिन उसका कहीं भी पता नहीं चला।
इसके बाद उन्हाेंने पड़ोसी दंपती की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने शिवम के मोबाइल नंबर की लोकेशन से शिवम की तलाश शुरु कर दी और उन्हें शहर के रणजीत नगर बादशाही मस्जिद के पास एक खंडहरनुमा मकान में शिवम गंभीर रूप से घायल व बेहोशी की हालत में मिला। जिसे उन्होंने इलाज के लिए शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया।