अंबाला। शाहपुर और आसपास के क्षेत्र के निवासियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। शाहपुर में टांगरी नदी पर काज-वे (पुल) के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। गृह मंत्री अनिल विज ने बताया कि आने वाले समय में टेंडर लगाकर यहां कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसका निर्माण सवा दो करोड़ रुपये की लागत से सिंचाई विभाग द्वारा किया जाएगा। काज-वे बनने से शाहपुर व आसपास के क्षेत्र के लोग टांगरी नदी में पानी होने के बावजूद दूसरे छोर तक आसानी से आ-जा सकेंगे। शाहपुर में बनने वाला यह काज-वे समूचे क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
गृह मंत्री ने बताया कि शाहपुर में अंबाला-दिल्ली रेलवे लाइन पर अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य भी अंतिम चरणों है। आगामी दिनों में यह कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद शाहपुर और आसपास के गांववासियों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि वाहन चालकों को शाहपुर रेलवे फाटक से होकर गुजरना पड़ता था। अंबाला-दिल्ली रेलमार्ग व्यस्त होने के कारण फाटक काफी समय तक बंद रहता था। जिससे वाहन चालकों को फाटक पर काफी समय खड़ा रहना पड़ता था। अंडर ब्रिज का कार्य पूरा होने से वाहन चालक बिना रोक-टोक यहां से निकल सकेंगे। जिससे उनके समय की बचत होगी।
सात मीटर चौड़ा होगा काज-वे, एप्रोच रोड भी बनेगी
टांगरी नदी पर काज-वे के साथ-साथ सात मीटर चौड़ी एप्रोच रोड भी बनेगी। उन्होंने बताया कि शाहपुर के रकबे की काफी जमीन टांगरी नदी के दूसरी ओर है। किसानों को नदी तल के कच्चे रास्ते से नदी पार करनी पड़ती है। बारिश के दिनों में नदी में पानी आने के कारण यह रास्ता बंद हो जाता है। ऐसी सूरत में किसान जीटी रोड का लंबा चक्कर लगाकर दूसरी ओर आने-जाने को मजबूर हैं। अब इस समस्या का स्थाई समाधान कर दिया गया है। विज ने बताया कि लोग अब काज-वे के ऊपर से नदी को पार कर सकेंगे। किसान भाइयों को लंबा चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। वह अपने ट्रैक्टर-ट्रालियों व अन्य उपकरणों को काज-वे से दूसरी ओर ले जा सकेंगे।
टांगरी नदी पर करधान में भी बनेगा काज-वे
गृह मंत्री अनिल विज ने बताया कि टांगरी नदी पर करधान में भी काज-वे का निर्माण किया जाएगा। यह काज-वे करधान और टांगरी बांध रोड को एकता विहार के पास आपस में जोड़ेगा। सिंचाई विभाग के एक्सईएन प्रवीण गुप्ता ने बताया कि निर्माण के लिए प्रपोज्जल मुख्यालय भेजा गया है। जल्द ही इस काज-वे कम पुल के निर्माण की मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
शाहपुर में टांगरी नदी ।- फोटो : Ambala