अंबाला का योगेश्वर जीते पदक दिखाता हुआ: स्वयं
- फोटो : kathua
अंबाला। हरियाणा में अंबाला के जिम्नास्टिक खिलाड़ी योगेश्वर का जादू चल रहा है। खेलों में एक के बाद एक स्वर्ण पदक हासिल कर अंबाला कैंट के प्रभु प्रेम पुरम निवासी योगेश्वर गोल्ड ब्वाॅय बन गया है। हाल ही में पूणे में आयोजित नेशनल आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में योगेश्वर ने तीन स्वर्ण पदक हासिल किए थे।
हरियाणा की टीम में अंबाला जिले से छह खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें से योगेश्वर ने पैरेलल बार, वोल्टिंग टेबल, होरिजेंटल बार में यह पदक हासिल किए थे। बता दें कि पहले योगेश्वर खेल विभाग की तरफ से ही खेलता था। 2015 में वह सेना में बतौर हवलदार पुणे में नियुक्त हो गया था। बाद में वह कई इंटरनेशनल लेवल की प्रतियोगिताएं सेना की तरफ से खेला।
योगेश्वर ने फरवरी में सेना की नौकरी छोड़ दी। योगेश्वर ने खेल विभाग अंबाला में बतौर जिम्नास्टिक कोच का पदभार संभाला है। योगेश्वर की नियुक्ति खेल विभाग में आउट स्टैंडिंग स्पोर्ट्स पर्सन पॉलिसी के तहत हुई। इसके तहत कोच नियुक्त होने के बावजूद खिलाड़ी को पांच साल तक विभाग की तरफ से खेलने की अनुमति होती है।