संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। चाय सिर्फ एक पेय पदार्थ नहीं, बल्कि लोगों के दिन की शुरुआत और थकान मिटाने का जरिया है। वीरवार को अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस है। अंबाला में चाय पीढि़यों का सफर तय करती दिखती है। एक तरफ तो 30 साल पुरानी चाय की दुकान है जो अपनी इलायची वाली चाय के लिए आज भी मशहूर है तो दूसरी तरफ एसी की ठंडी हवा में चाय पीने वाली युवा पीढ़ी को चार बार आधुनिक रूप से इस शौक से जोड़ रहा है। अंबाला में पारंपरिक कड़क चाय से लेकर आधुनिक फ्लेवर्ड चाय का एक अनोखा संगम देखने को मिलता है। यहां चाय के शौकीनों के लिए अलग-अलग स्वाद मौजूद हैं।
अंबाला में चाय प्रेमियों का अलग ही चस्का
आपने अक्सर किसी भी शहर में कुछ चुनिंदा चाय की दुकानें देखी होंगी जहां पर चाय पीने लोग आते हैं। मगर अंबाला कैंट में ऐसे कई ठिकाने हैं जहां सुबह ही बिना किसी नागा के चाय प्रेमियों की चौपालें लग जाती हैं। अंबाला कैंट में सदर बाजार और निकलसन रोड पर सुबह चाय प्रेमी चाय पर चर्चा करते दिखते हैं। कुछ लोग तो दुकान से तो कुछ घर से चाय बनवा कर लाते हैं। चाय के साथ टोस्ट को खाते हुए राजनीति की बातें करते हैं।
लोगों की जुबान पर चढ़ा है कड़क चाय में इलायची का स्वाद
अंबाला छावनी बस स्टैंड के पास पिछले 30 वर्षों से रिंकू टी के नाम से चाय की दुकान चला रहे रिंकू की कड़क चाय में इलायची का स्वाद आज भी लोगों की जुबान पर चढ़ा हुआ है। रिंकू बताते हैं कि जब उन्होंने 30 साल पहले चाय बनाना शुरू किया था, तब चाय का रेट 5 रुपये से भी कम था। पिछले कुछ सालों से इसे 10 रुपये में बेचा, लेकिन अब कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने के कारण मजबूरी में चाय 15 रुपये की करनी पड़ी है। महंगाई के बावजूद उन्होंने चाय के स्वाद और गुणवत्ता से कभी समझौता नहीं किया। सर्दी और गर्मी में उनकी कड़क चाय में इलायची का स्वाद हमेशा बरकरार रहता है। यही वजह है कि उनकी दुकान पर कॉलेज के छात्र-छात्राएं, रोडवेज कर्मचारी, युवा, पुलिसकर्मी, प्रशासनिक अधिकारी और खिलाड़ी दूर-दूर से चाय का लुत्फ उठाने आते हैं।
चाय बार में संगीत के साथ फ्लेवर्स का तड़का
पारंपरिक स्वाद से इतर, युवाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए अंबाला-जगाधरी राजमार्ग पर बैंक स्क्वायर के सामने साहिल ने पिछले साल चाय बार की शुरुआत की है। साहिल की दुकान पर चाय प्रेमियों को विभिन्न प्रकार की चाय का स्वाद चखने को मिलता है। यहां अदरक, केसर, मसाला, इलायची, पान, रोज, चॉकलेट और गुड़ की अनूठी चाय बनाई जाती है। साहिल बताते हैं कि ग्राहकों के बीच केसर, अदरक और इलायची की चाय की मांग सबसे ज्यादा रहती है। यहां 30 रुपये से लेकर 65 रुपये तक की प्रीमियम चाय उपलब्ध है। इस आउटलेट की खासियत यह है कि यहां ग्राहकों को बेहतरीन स्वाद के साथ-साथ सुरीला संगीत भी परोसा जाता है, जिससे युवाओं के लिए यह एक पसंदीदा हैंगआउट जोन बन गया है।