कैंट स्थित मंत्री अनिल विज के आवास के पास रविवार को हरियाणा राज्य चतुर्थ श्रेणी सरकारी कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने हंगामा किया।
मंत्री आवास के बाहर पिछले 35 दिनों से धरने पर बैठे यह कर्मचारी पहले इंदिरा पार्क में एकत्रित हुए। वहां से रोष मार्च के रूप में मंत्री आवास के पास पहुंचे। यहां पर पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर इन लोगों को रोक लिया।
आखिर में तय हुआ कि सोमवार को यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल मंत्री अनिल विज से मिलेगा। इसके बाद सभी लोग वापस चले गए। कैंट के इंदिरा पार्क में हरियाणा राज्य चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी व सदस्य एकत्रित हुए। यहां से दोपहर बाद यह सभी कर्मचारी रोष मार्च निकालते हुए मंत्री अनिल विज के कैंट स्थित आवास की ओर चल दिए। रोष मार्च और प्रदर्शन की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जेपी पांडेय ने की।
उन्होंने कहा कि 35 दिनों से मंत्री के आवास के बाहर सभी धरना दे रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। यूनियन की मांग है कि आयुष विभाग से बर्खास्त किए गए कर्मचारी को बहाल किया जाए, पार्ट टाइम कर्मचारियों के नए पद सृजित कर पक्का किया जाए, ठेके पर लगे कर्मचारियों की बर्खास्तगी समाप्त कर पक्का किया जाए, एजुसेट चौकीदार और अन्य कर्मचारियों को पक्का किया जाए, समान काम समान वेतन लागू किया जाए।
इसके अलावा अन्य मांग भी हैं। प्रदेश महासचिव बेगराज ने बताया कि यदि सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं, तो सात जुलाई से क्रमिक अनशन शुरु किया जाएगा।
मंत्री आवास तक पहुंचने से पहले ही इन कर्मचारियों को पुलिस ने रोक लिया। इस दौरान एसीपी ट्रैफिक पंखुड़ी, एसीपी सिटी राजकुमार वालिया, नायब तहसीलदार अनिल कौशल ने प्रदर्शनकारियाें को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे मंत्री से मिलने की जिद पर अड़े रहे।
करीब 45 मिनट तक यह प्रदर्शन चला। पुलिस के रोकने पर कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान मंत्री आवास से आए प्रतिनिधि ने बातचीत की।
यूनियन के प्रतिनिधिमंडल को सोमवार को बातचीत के लिए बुलाया गया है। इस मौके पर यूनियन के सुजान सिंह, ओम प्रकाश सिंहमार, कृष्ण शर्मा, कमलजीत बख्तुआ, इंद्र सिंह, धर्मपाल, रमेश चंद्र, शिव कुमार, बलजीत शर्मा, सुखविंदर कालपी, सुदेश कुमार, सुदेश रानी, शिमला, रानी आदि मौजूद रहे।