नग्गल/अंबाला सिटी। शहर के रूपोमाजरा इलाके में आंगनबाड़ी वर्कर महिलाओं के साथ बीमा के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। इन महिलाओं का बीमा तो कर लिया गया और पिछले काफी समय से इन महिलाओं से किश्तें भी वसूली जाती रही, मगर अब अचानक मालूम चला है कि जिस कंपनी ने ये बीमे किए थे, वो तो वजूद में ही नहीं है।
इस कंपनी का कार्यालय डेराबस्सी में बताया जा रहा है। लेकिन इस बात को खुलासा होने के बाद शुक्रवार को आंगनबाड़ी वर्करों और अन्य महिलाओं ने हंगामा कर दिया। इतना ही नहीं महिलाओं ने गांव के आंगनबाड़ी में ही ताला जड़ दिया। महिलाओं ने इस मामले की शिकायत डीसी अंबाला से करने का मन बना लिया है, जिसमें बीमा करने वाली महिला के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की जाएगी।
गांव में हुई पंचायत, भड़की पीड़ित महिलाएं
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीते दिन गांव में पंचायत बुलाई गई। इसमें पीड़ित महिलाओं ने बताया कि गांव की ही एक महिला ने कई माह पहले यह कहा था कि उसके संपर्क में एक बीमा कंपनी है, जिसके पास महिलाओं के बीमा को लेकर कई स्कीम है। उसके बाद उस महिला ने गांव में ही सौ से ज्यादा महिलाओं के बीमा कर लिए और हर माह बीमे के किश्त जाने लगी। एक पॉलिसी के नाम पर कागज का टुकड़ा तो महिलाओं को पकड़ा दिया गया, मगर किश्त की रसीद नहीं मिलने लगी। कई महीनों तक यही सिलसिला जारी रहा। लेकिन उस वक्त बीमा करवाने वाली महिलाओं को शक हुआ, जब बीमा करवाने वाली दो महिलाओं की मौत हो गई और उन्हें बीमे का कोई क्लेम ही नहीं मिला। उसके बाद पीड़ित महिलाएं बीमा करने वाली महिला पर दबाव बनाने लगीं। जिस पर पीड़ित महिलाओं को आश्वस्त किया गया जल्द ही कंपनी उनकी पॉलिसी को उनके बच्चों के नाम पर ट्रांसफर कर देगी। लेकिन पीड़ित महिलाएं अड़ गई और पंचायत बुला ली। पंचायत में भी बीमा करने वाली महिला को स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया है, लेकिन पीड़ित महिलाओं जसविंद्र कौर, रमनीत कौर, उर्मिला देवी, कर्मजीत कौर, दयालो देवी, जरनैल सिंह, शीला, प्रीतो, सरोज बाला, रानी, गीता, निर्मला, किरणा, बलबीर कौर इत्यादि का कहना है कि इसकी शिकायत डीसी अंबाला को की जाएगी। सभी महिलाओं ने शुक्रवार को इसी विरोध में हंगामा कर दिया।
‘मुझे नहीं मालूम कहां गई कंपनी?’
उधर, गांव में ही महिलाओं का बीमा करने वाली महिला का कहना है कि उसे सचमुच नहीं मालूम कि कंपनी कहां गायब हो गई। उसके अनुसार उस कंपनी ने कई इलाकों के गांवों में इसी तरह महिलाओं के साथ ठगी की है, ये बातें अब सामने आ रही है। उसके अनुसार उसे भी कंपनी ने ही फंसाया है, उसका इरादा कभी अपने गांव की महिलाओं को ठगने का नहीं था।