अंबाला सिटी। जिला समाज कल्याण विभाग कार्यालय में पेंशन के लिए बुजुर्ग और जरूरतमंद महिलाएं रोजाना धक्के खाने को मजबूर हैं। शुक्रवार को भी कार्यालय में ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां भीषण गर्मी के बावजूद कई महिलाएं घंटों अपनी बारी का इंतजार करती दिखीं। यह हाल कोई पहली बार नहीं देखने को मिला है, बल्कि अक्सर समाज कल्याण विभाग में काम कराने को आने वाले लोग ऐसे ही शिकायतें करते हैं।
हैरानी की बात यह रही कि इतनी दूर-दराज से आईं महिलाओं की फरियाद सुनने के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी सरबजीत कौर मौके पर मौजूद नहीं थीं। कार्यालय के इंचार्ज संचित ने बताया कि अधिकारी किसी जरूरी मीटिंग में गई हुई हैं। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि जनता से मिलने के लिए मंगलवार और वीरवार का दिन तय है। अगर किसी आपात स्थिति या मीटिंग के कारण अधिकारी को जाना पड़ता है, तो काउंटर पर मौजूद कर्मचारियों को जनता की मदद के निर्देश दिए जाते हैं। ब्यूरो
केस 1
चार महीने से पेंशन बंद, घर चलाना हुआ मुश्किल
सब्जी मंडी क्षेत्र से आईं बुजुर्ग महिला राजकुमारी ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि पिछले चार-पांच महीनों से उनकी बुढ़ापा पेंशन नहीं आई है। वह कई बार कार्यालय के चक्कर काट चुकी हैं, लेकिन हर बार उन्हें कोरा आश्वासन ही मिलता है। राजकुमारी ने कहा कि इसी पेंशन से मेरा घर का खर्च चलता है। पेंशन बंद होने से गुजर-बसर करना मुश्किल हो गया है।
-
केस 2-
लाडो लक्ष्मी पेंशन कटी, अब बुढ़ापा पेंशन की आस
सुनीता ने बताया कि पहले उन्हें लाडो लक्ष्मी योजना में पेंशन मिलती थी, लेकिन पिछले महीने वह अचानक कट गई। इससे परेशान होकर वह विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाने पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि उनके पति रामस्वरूप को भी विकलांग पेंशन मिलती है। विभाग के कर्मचारियों ने अब उनके दस्तावेज जमा कर लिए हैं और जल्द ही बुढ़ापा पेंशन शुरू करने का भरोसा दिया है।
-
केस 3
दस्तावेज जमा कराने के लिए दफ्तर बुलाई जा रही महिलाएं
बलदेव नगर रोड की रहने वाली शशि बाला ने बताया कि बीते दिन उन्हें विभाग की ओर से फोन कर दस्तावेज जमा कराने के लिए कहा गया था। वह अपनी बुढ़ापा पेंशन लगवाने के लिए सभी जरूरी कागजात लेकर पहुंची थीं। कर्मचारियों ने उनके डॉक्यूमेंट्स ले लिए हैं और जल्द ही पेंशन प्रक्रिया पूरी करने की बात कही है।
-
राजकुमारी
राजकुमारी