अंबाला। जम्मू से दिल्ली जा रही शालीमार एक्सप्रेस में सफर कर रही महिला का पर्स झपट लिया। वारदात अंबाला कैंट स्टेशन से ट्रेन के चलने पर हुई। पर्स झपटने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। पीड़ित की शिकायत पर जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिहार के मुंगेर जिले के थेवाई कुराबा निवासी विकास कुमार झा ने बताया कि 1 मार्च को वो पत्नी के साथ ट्रेन नंबर 14662 शालीमार एक्सप्रेस में जम्मू से दिल्ली तक सफर कर रहे थे। ट्रेन अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर रुकने के बाद जैसे ही रवाना हुई अचानक एक युवक आया और उनकी पत्नी के हाथ से पर्स छीनकर चलती ट्रेन से कूद गया। विकास कुमार ने बताया कि छीने गए पर्स में दो हजार रुपये की नकदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड और मोबाइल चार्जर था। संवाद