महिला ने बस में बच्ची को दिया जन्म
- फोटो : अमर उजाला
कालका चौक के पास एक महिला ने मंगलवार दोपहर पंजाब रोडवेज की बस में बच्ची को जन्म दिया। महिला अंबाला कैंट से पंजाब रोडवेज की बस में बैठी थी। यह बस हरिद्वार से पटियाला की ओर जा रही थी। जैसे ही बस कालका चौक के पास पहुंची तो महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई जिसके बाद पंजाब रोडवेज के बस चालक ने सुझ-बुझ दिखाते हुए बस को एक प्राइवेट अस्पताल में रोका और अस्पताल प्रशासन को इसकी जानकारी दी।
इसी बीच अंबाला शहर नागरिक अस्पताल में एम्बुलेंस पर तैनात चालक राकेश कुमार अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे तो उन्होंने इस पूरे मामले को समझा। राकेश कुमार ने तुरंत फोन करके इसकी सूचना नागरिक अस्पताल में दी और सरकारी एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया।
नागरिक अस्पताल के ईएमटी राजकुमार ने बस में अन्य महिलाओं की मदद से महिला की डिलीवरी करवाई जिसके बाद महिला को नागरिक अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में जच्चा- बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
महिला यात्रियों ने अपना पल्लू उतार कर बनाया पर्दा
पंजाब रोडवेज की बस में सवार महिला व पुरुष यात्रियों ने कंधे से कंधा मिलाकर महिला का प्रसव करवाने में मदद की। एक तरफ जहां महिलाओं ने आनन-फानन में अपना पल्लू उतारकर पर्दा किया। वहीं, पुरुष यात्री भी बस से नीचे उतरकर हर संभव मदद करते रहे।