संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। बजट में बड़े निवेश, उद्योग, इंफ्रास्ट्रक्चर और आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही बजट में महिलाओं से लेकर युवाओं और गिग वर्कर्स का भी ध्यान रखा गया है। इस बजट में गिग वर्कर्स सहित असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देने के लिए ई-श्रम पोर्टल के दायरे को बढ़ाने पर जोर दिया गया है। इसमें स्वास्थ्य देखभाल, बीमा और अन्य कल्याणकारी लाभों को एकीकृत करने की योजना है। इस फैसले का अंबाला के गिग वर्कर्स ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि पहले तो हमें श्रमिक ही नहीं माना जाता था अब कम से कम सरकार हमारे बारे में भी सोच रही है।
दो साल से कर रहे काम
दिवेश ने बताया कि वह स्विगी में गिग वर्कर्स हैं और पिछले दो साल से यह काम कर रहे हैं उनके काम में सड़क पर जोखिम सबसे ज्यादा है। सरकार की ओर से गिग वर्कर्स को बीमा, स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं के दायरे में लाने की बात कही है। यह बहुत अच्छा निर्णय है। इस बजट का स्वागत करते हैं।
श्रमिकों की तरह मिलेंगी सुविधाएं
गिग वर्कर नरेंद्र ने बताया कि कई बार आर्डर की डिलीवरी समय पर पहुंचाने के लिए सारा दिन सड़कों पर रहते हैं। अब सरकार की ओर से ई-श्रम पोर्टल पर उन्हें भी अन्य लोगों की तरह जोड़ा गया है और उन्हें भी सुविधाएं मिलेंगी।
बीमा तक के मिलेंगे लाभ
गिग वर्कर योगेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें बजट के बारे में पता चला है कि सरकार ई-श्रम पोर्टल के दायरे को बढ़ाएगी, जिससे उन्हें पोर्टल पर स्वास्थ्य से लेकर बीमा तक के लाभ मिलेंगे। इस निर्णय से सभी गिग वर्कर खुश हैं। पहली बार हमारे लिए भी सरकार ने सोचा है।