संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। प्रदेश के पहले राजकीय होम्योपैथिक अस्पताल की सौगात 12 सितंबर को मिलने जा रही है। गृहमंत्री अनिल विज रामपुर गांव के सामुदायिक केंद्र में खुलने वाले इस अस्पताल का उद्घाटन करेंगे।
पहले इसका उद्घाटन जुलाई माह में होना था और लगभग सभी तैयारियां पूरी हो गई थी। आखिरी समय में टांगरी नदी उफान पर आने के कारण जलभराव की स्थिति बन गई थी। अस्पताल में रखे बेड सहित अन्य सामान भी डूब गया था। रामपुर के सामुदायिक भवन में फिलहाल 25 बैड के होम्योपैथिक अस्पताल खोलने की व्यवस्था की जा रही थी ताकि प्रदेशभर के लोग इसका लाभ उठा सके।
धीरे-धीरे इस अस्पताल को आधुनिक मशीनों से लैस किया जाना था। इसमें एक्स-रे से लेकर अल्ट्रासाउंड तक की व्यवस्था की जानी थी। बता दें कि होम्योपैथिक अस्पताल के साथ कॉलेज भी खोलने के लिए कुछ समय अंतराल होना चाहिए। यहीं कारण है कि पहले अस्पताल को खोला जा रहा है।
जैसे ही चंदपुरा में नई बिल्डिंग तैयार होगी तो एक साथ कॉलेज व अस्पताल को चलाया जा सके। चंदपुरा में राजकीय होम्योपैथिक कॉलेज व 100 बेड के अस्पताल का काम चल रहा है। 55.85 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य हो रहा है।