अंबाला। बंधु नगर में मंगलवार दोपहर घर में ही हाथ सेकते समय जलती लकड़ियों से बुजुर्ग के कपड़ों में आग लग गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि घर में अकेली रहने वाली बुजुर्ग बुरी तरह अनसूया देवी (80) सिर से लेकर पैर तक पूरी तरह से झुलस गई। चीख पुकार सुनने के बाद पड़ोसी पहुंचे व कपड़े डालकर आग बुझाई। बुजुर्ग को उपचार के लिए कैंट के नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ पीजीआई भेज दिया गया था। बुजुर्ग की हालत अभी नाजुक बनी हुई है। पड़ाव थाना पुलिस ने रूक्का मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी।
झुलसी बुजुर्ग की बेटी सौम्या ने बताया कि वह अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में ही वार्ड सर्वेंट के पद पर कार्यरत हैं। पिता का देहांत हो चुका है। शादी के बाद वह घर से थोड़ी दूरी पर रहती थीं। मां घर पर अकेली रहती थीं। रोजाना की तरह वह काम पर आ गई थीं। मां अनसूया देवी घर पर अकेली थीं। सर्दी बढ़ने के कारण घर के बरामदे में ही लकड़ियां जलाकर हाथ सेक रहे थे कि अचानक डाली हुई नाईलोन की साड़ी में ही आग लग गई। अकेले होने के कारण स्थानीय लोगों के पहुंचने तक मां सिर से लेकर पैर तक झुलस गईं। अभी मां की हालत नाजुक बनी हुई है।