अंबाला सिटी। पंचायत भवन में मंगलवार को जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक हुई। इस अवसर पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी व लोक निर्माण भवन व सड़क विभाग मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने शिरकत की।
इस दौरान निर्मला देवी निवासी रतनहेड़ी गांव ने मंत्री को दी शिकायत में बताया कि उसने एक प्लाॅट 4 लाख 80 हजार रुपये में खरीदा था। उन्होंने उस प्लाॅट पर कब्जा लेकर उस पर बल्लियां लगा दी थी। उसके बाद उनके पति बीमार हो गए। जिस कारण वह प्लॉट पर नहीं जा सके। उसने आरोप लगाया कि अब उस प्लाॅट पर किसी अन्य ने कब्जा कर लिया है। मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि नगर परिषद सचिव जगह का मुआयना करते हुए नगर निगम आयुक्त को रिपोर्ट सौंपे।
शालीमार कॉलोनी निवासी चंचल रानी ने कहा कि उनके घर के बाहर सड़क पर टॉयलेट टैंक बना है, उसमें सफाई नहीं हुई है।नगर निगम की ओर से संयुक्त आयुक्त अदिति ने प्रार्थी का संतुष्टि जाहिर करने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया। उस दौरान समिति सदस्यों निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। यही नहीं संबंधित विभाग की ब्रांच का कोई कर्मचारी या अधिकारी मौजूद न होने पर कैबिनेट मंत्री ने नाराजगी जताई, कहा कि इस मामले में जिसकी भी लापरवाही है, उसे शोकॉज नोटिस जारी किया जाए और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
बैठक के बीच में ही सफाई शाखा से कर्मचारी मंच पर पहुंचे और शिकायत के संबंध में संयुक्त आयुक्त ने उपायुक्त को अवगत करवाया। इस ब्रांच का जिम्मा अतिरिक्त निगम आयुक्त दीपक सूरा के पास है। वह बैठक खत्म होने के बाद बैठक में पहुंचे। मोहड़ा गांव के संदीप कुमार, जसविंद्र सिंह व अन्य ने अपनी शिकायत में बताया कि जो नाला उनके घरों व दुकानों से जा रहा था और उसमें पानी सुचारू रूप से चल रहा था, लेकिन गांव के कुछ लोगों ने उस नाले को क्षतिग्रस्त कर दिया है और यह नाला तकनीकी अनुसार भी नहीं बना है।