संवाद न्यूज एजेंसी
शहजादपुर। सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। फेसबुक पोस्ट पर आपत्तिजनक कमेंट करने से मना करने पर गांव पतरेहड़ी में एक युवक ने दूसरे का रास्ता रोककर उसके सिर पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में शिकायतकर्ता के सिर पर गहरी चोट आई। राहगीरों ने बीच-बचाव कर उसे आरोपी के चंगुल से छुड़वाया।
जांच अधिकारी मुख्य सिपाही विपिन कुमार ने बताया कि पीड़ित गांव पतरेहड़ी निवासी संदीप कुमार की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार को वह घर पर मौजूद था। इसी दौरान गांव के राहुल ने उसकी फेसबुक पोस्ट पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। संदीप ने फोन कर राहुल को ऐसा करने से मना किया तो वह भड़क गया। आरोप है कि राहुल ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी।
संदीप के अनुसार, कुछ देर बाद वह अपनी एक्टिवा पर सवार होकर खेत की ओर जा रहा था। जब वह गांव के जलघर के पास पहुंचा तो राहुल चौहान ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि राहुल ने अपने घर से लकड़ी का डंडा निकालकर उसके सिर पर वार कर दिया। हमले में संदीप घायल हो गया।
शोर सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने हस्तक्षेप कर संदीप को आरोपी से छुड़वाया। इसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से चला गया। घायल संदीप ने अस्पताल में मेडिकल करवाने के बाद पुलिस को लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की तसदीक
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। प्राथमिक जांच और मेडिकल रिपोर्ट में शिकायतकर्ता के सिर पर चोट की पुष्टि होने के बाद आरोपी राहुल चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2) और 351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है।
- विपिन कुमार, मुख्य सिपाही, जांच अधिकारी