जिलेभर की मंडियों में गेहूं खरीद का कार्य तेजी से शुरू हुआ। रविवार को छुट्टी होने के बाद भी 14 मंडियों में से 10 में खरीद हुई। एक दिन में एजेंसियों ने कुल 1200 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की है और अभी तक जिले में कुल 1599 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। वहीं, सिटी मंडी में तीन दिन से गेहूं खरीद का इंतजार कर रहे किसानों ने रविवार को राहत की सांस ली।
रविवार को हैफेड एजेंसी ने सिटी अनाज मंडी से आठ किसानों का 730 क्विंटल गेहूं खरीदा। बता दें कि किसान पिछले तीन दिनों से गेहूं खरीद का इंतजार कर रहे थे। जब गेहूं की खरीद नहीं हुई तो किसानों ने आपत्ति व्यक्त की। इसके बाद जाकर एजेंसी की ओर से खरीद का कार्य शुरू किया गया। वहीं, सोमवार से खरीद का कार्य सिटी अनाज मंडी में सुचारू रूप से जारी रहेगा।
इस अनाज मंडी में इतनी हुई मीट्रिक टन गेहूं की खरीद
अंबाला सिटी में 73 मीट्रिक टन, बराड़ा में 235 मीट्रिक टन, कड़ासन में 97 मीट्रिक टन, मुलाना में 169 मीट्रिक टन, नारायणगढ़ में 121 मीट्रिक टन, साहा में 250 मीट्रिक टन, सरदेहड़ी में 47.5 मीट्रिक टन, शहादपुर में 18.2 मीट्रिक टन, तलहेड़ी मंडी में 144 मीट्रिक टन, उगाला मंडी में 46 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है। जबकि अंबाला कैंट, भरेड़ी कलां, केसरी, नन्यौला में अभी खरीद शुरू नहीं हुई है।
पूजा के साथ हुआ गेहूं भराई का काम
सिटी अनाज मंडी में सीजन की पहली खरीद हुई। इसके बाद मजदूरों द्वारा गेहूं की तुलाई और भराई का काम शुरू किया गया। तुलाई के काम से पहले किसानों ने पूरे विधि विधान के साथ मशीन की पूजा की और उसके बाद गेहूं की बोरी को मशीन पर रख कर तुलाई का काम शुरू किया। इस दौरान सभी मजदूरों एवं आढ़तियों में लड्डू का प्रसाद वितरित किया गया।