दो दिन से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अत्यधिक कोहरा छाने से विजिबिलिटी पांच मीटर से भी नीचे चली गई है। ग्रामीण क्षेत्र के मैदानी इलाकों में तो सुबह के समय दृश्यता तीन मीटर तक पहुंच गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिन अंबाला में घना कोहरा पड़ने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग चंडीगढ़ केंद्र के वैज्ञानिक अजय कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को अत्यधिक कोहरा छाने की संभावना है। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मंगलवार को दिन में भी ठंड ने परेशान किया। सुबह 11 बजे तक कोहरे से थोड़ी राहत मिली लेकिन दोपहर तीन बजे ही धूप धीमी होने से ठंड बढ़ गई। शाम को ठिठुरन भरी ठंड रही। बुधवार को भी कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
ग्रामीण क्षेत्र में सड़क पर स्ट्रीट लाइट नहीं
शहर से ग्रामीण क्षेत्र की तरफ जा रही सड़कों पर स्ट्रीट लाइट नहीं हैं। घना कोहरा छाने से रात को विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच जाती है। ऐसे में सड़क पर कोई स्ट्रीट लाइट न होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। नगर निगम के क्षेत्र तक तो कुछ जगहों पर लाइट लगी हैं, मगर ग्रामीण एरिया में शहर से जाने वाली सड़क पर एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं है। यही नहीं सड़क पर सफेद पट्टी भी धुंधली हो चुकी है। जिससे रात में घना कोहरा छाने से रास्ता नहीं दिखता। इस कारण रात को हादसे हो रहे हैं। ऐसी ही स्थिति शहर से जलबेड़ा गांव की तरफ जानी वाली सड़क की भी है। इस सड़क पर कोई भी स्ट्रीट लाइट नहीं है। सौंडा कॉलोनी के बाद तो सड़क पर घना अंधेरा छाया रहता है।
आगे ऐसा रह सकता है मौसम
ठंड होने से गेहूं की फसल को फायदा होगा। ठंड पड़ने पर गेहूं का फुटाव होगा। अभी फसल को ठंड से कोई नुकसान नहीं है। पाला पड़ने पर नुकसान होने की संभावना रहती है। -डॉ. जसविंद्र सिंह, जिला उप कृषि निदेशक, अंबाला।
सचखंड एक्सप्रेस साढ़े आठ घंटे लेट
घने कोहरे के कारण लंबी दूरी सहित पैसेंजर ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित होने लगा है। सोमवार को जहां कटरा-नई दिल्ली वंदे भारत सहित अमृतसर-नई दिल्ली शताब्दी का संचालन प्रभावित रहा। जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 15012 लखनऊ-सहारनपुर एक्सप्रेस 1.20 घंटे, 22446 अमृतसर-कानपुर 3 घंटे, 12238 जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा एक्सप्रेस 45 मिनट, 18238 अमृतसर-बिलासपुर 1.45 घंटे, 12716 अमृतसर-नांदेढ़ सचखंड एक्सप्रेस 8.40 घंटे, 12498 अमृतसर-नई दिल्ली शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस 30 मिनट, 14816 ऋषिकेश-श्रीगंगानगर 20 मिनट, 14507 दिल्ली-फाजिल्का एक्सप्रेस 50 मिनट, 14681 नई दिल्ली-जांलधर इंटरसिटी 30 मिनट, 12715 नांदेढ़-अमृतसर सचखंड़ एक्सप्रेस 4 घंटे, 15211 दरभंगा-अमृतसर 45 मिनट, 12203 सहरसा-अमृतसर गरीबरथ एक्सप्रेस 2 घंटे, 12903 मुंबई-अमृतसर गोल्डन टेंपल मेल 1 घंटा, 12311 हावड़ा-कालका मेल 20 मिनट, 14645 जैसलमेर-जम्मूतवी शालीमार एक्सप्रेस 20 मिनट, 14034 कटरा-दिल्ली 20 मिनट, 04502 ऊना हिमाचल-सहारनपुर 40 मिनट, 04504 लुधियाना-अंबाला 20 मिनट और ट्रेन नंबर 14735 श्रीगंगानगर-अंबाला 20 मिनट की देरी से चल रही हैं।