अंबाला सिटी। सूर्यदेव और बादलों के बीच चल रही लुका-छिपी के खेल के बीच रविवार को अचानक से मौसम करवट ली और लगभग 11 बजे शहर भर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। लगभग 45 मिनट में ही जिले में बादलों ने 31.4 एमएम पानी धरा पर उडे़ल दिया। इससे कुछ देर लोगों को गर्मी से निजात भी मिली और बच्चों ने भी बारिश का खूब लुत्फ उठाया। अचानक आई बारिश में इधर-उधर अपने कार्य के लिए निकले दुपहिया वाहन चालक और पैदल चल रहे लोग पूरी तरह भीग गए। इतना ही नहीं इस दौरान कुछ बारिश से बचने के लिए छत का सहारा ढूढ़ने में लगे रहे। परंतु बारिश बंद होने के बाद निकली धूप ने एक बार फिर उमस बढ़ा दी और लोगों के पसीने छूट गए।
बारिश के कारण शहर के मुख्य रास्तों से लेकर गली मोहल्ले तक में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। इस कारण लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। क्योंकि बारिश होने के कारण लोगों को आने जाने में काफी दिक्कत हुई। वहीं टूटी फूटी सड़कों पर पानी जमा होने के कारण भी लोगों को वाहन चलाने में दिक्कत हुई।
खुले मेनहोल और गड्ढों ने बढ़ाई परेशानी
जगह जगह खुले पड़े मेनहोल और टूटी सड़कों पर पड़े गड्ढों ने लोगों की समस्या और अधिक बढ़ा दिया। जिनमें बारिश का पानी जमा होने के कारण वह गड्ढों और मेन होल को देख ही नहीं पा रहे थे। इस कारण अधिकतर वाहन चालकों को अपने वाहन चलाने में परेशानी हो रही है। कई वाहन चालक तो ऐसे भी थे जो इन गड्ढों और खुले मेनहोल में गिरकर घायल भी हो गए। ऐसा ही हाल हर थोड़ी सी बारिश के बाद होता है। जहां आम दिनों के साथ साथ बारिश के बाद स्थिति खराब हो जाती है।
यहां आई सबसे ज्यादा दिक्कतें
जलभराव की समस्या शहर के सेक्टर 1,7,8,9,10 के साथ जगाधरी गेट, बलदेव नगर, पुराना शिव मंदिर चौक, कोर्ट रोड, मेहरा वाला चौक, सब्जी मंडी, तंदूरा बाजार, कपड़ा मार्केट, अग्रसेन चौक, टीबी अस्पताल रोड, गीता नगरी व अन्य स्थानों पर जहां लोगों को जलभराव के कारण परेशानी झेलनी पड़ी।
weather in Ambala- फोटो : Ambala