अंबाला। कुरुक्षेत्र के सांसद एवं नारायणगढ़ के पूर्व राज्यमंत्री रहे नायब सिंह सैनी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर खुद इस बात की जानकारी दी। उन्हें नारायणगढ़ के गांव मिर्जापुर स्थित उनके घर पर ही क्वारंटीन किया गया है। बताया यह भी जा रहा है कि वह शनिवार को दिल्ली में थे जहां पर सीएम के साथ भी उनकी मुलाकात हुई थी। ऐसे में अब सीएम के कोरोना टेस्ट करवाने की भी बात कही जा रही है। हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने नहीं की है।
नायब सिंह सैनी का आवास कुरुक्षेत्र में भी है लेकिन 8 अगस्त को वापसी में आते हुए वह सीधे नारायणगढ़ स्थित अपने आवास पर ही आ गए थे। क्योंकि उनके शरीर का तापमान अधिक बढ़ गया था।
क्या किया ट्वीट
सांसद नायब सिंह सैनी ने ट्वीट कर कहा है कि मुझे कोरोना के शुरुआती लक्षण दिख रहे थे। जिसके चलते मैंने अपनी कोविड-19 की जांच कराई। जांच में मेरी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। मुझसे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से मेरा निवेदन है कि वह गाइडलाइन के अनुसार स्वयं को क्वारंटाइन कर लें और आवश्यकता अनुसार अपनी जांच करा लें।