अंबाला। बारिश के कारण अंबाला-सहारनपुर रेलवे लाइन और अंबाला-दिल्ली रेलवे लाइन पर बने अंडरब्रिज पर जलभराव हो गया। पिछले लगभग 10 दिन से ऐसे हालात बने हुए हैं। बुधवार सुबह हुई बारिश ने एक बार फिर से पानी का स्तर बढ़ा दिया। इसी जलभराव के बीच स्कूली बच्चे और वाहन चालक निकल रहे हैं, लेकिन पानी की निकासी के लिए कोई प्रबंध नहीं किया जा रहा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले नजदीक के रेलवे विभाग द्वारा पंप चलाकर पानी की निकासी करवा दी जाती थी, लेकिन अब वो भी बंद पड़े हैं। वहीं दीवार पर जो सहायता नंबर लिखा है, उस पर भी कीचड़ लग गया है। इसलिए आधे-अधूरे नंबर पर जानकारी देना काफी मुश्किल हो रहा है।
यहां से गुजरना मजबूरी
यह समस्या आज की नहीं है। जब से पुल बने हैं तब से ऐसी ही दिक्कत है। हल्की बारिश में ही पुल के नीचे जलभराव हो जाता है। मजबूरी में लोगों को इसी जलभराव से होकर गुजरना पड़ता है। इससे कभी भी कोई हादसा हो सकता है। इस समस्या का स्थायी समाधान होना चाहिए।
-हरपाल सैनी।
ध्यान नहीं देते जिम्मेदार
पानी की निकासी के लिए रेलवे ने विभागीय कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी हुई है, लेकिन वो भी इस तरफ कोई खास ध्यान नहीं देते। जब मामला गंभीर हो जाता है या फिर लोग पानी में गिरकर चोटिल होते हैं, तभी विभाग नींद से जागता है और पंप चलाकर समस्या का समाधान करता है।
-क्षितिज दत्ता।
मुख्य रेलवे लाइनों पर बने अंडरब्रिज कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। यह पुल हमेशा पानी से भरे रहते हैं। दिल्ली वाली लाइन के पुल से हमेशा पानी टपकता रहता है। वहीं सहारनपुर पुल के भी ऐसे ही हालात हैं। रेलवे इसके लिए विशेषज्ञ की मदद ले, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
-राजेश कुमार।