लोग बोले- इलाके में डाली गई भूमिगत पाइप लाइनें गाद से अटीं
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। गोबिंद नगर में डेढ़ साल से सड़क और जलभराव की गंभीर समस्या है। इससे गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के आसपास की सड़क और स्थानीय निवासियों का जीवन नारकीय हो गया है। घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों के आवागमन के लिए गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के पूर्व प्रधान सुदर्शन सिंह सहगल ने जमीन दान की थी।
यह जमीन सड़क और रास्ते के लिए प्रशासन को दी गई थी। लेकिन प्रशासन की उदासीनता के कारण यह पहल काम नहीं आई। इलाके में डाली गई भूमिगत पाइप लाइनें रखरखाव के अभाव में गाद से अटी पड़ी हैं। पाइपों में मलबा जमा होने से पानी की निकासी पूरी तरह ठप है। घरों से निकलने वाली खुली पाइपलाइनें भी समस्या को बढ़ा रही हैं। हल्की बारिश या घरेलू पानी से ही सड़क पर तालाब जैसे हालात बन जाते हैं।
प्रशासन के खिलाफ गुस्सा
डेढ़ साल से इस परिस्थिति को झेल रहे स्थानीय नागरिकों में नगर परिषद और प्रशासन के प्रति रोष है। मनप्रीत कौर, सिमरन वालिया, गुरप्रीत कौर, सुरजीत सिंह और लक्की जैसे नागरिकों ने अपनी नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना है कि वे कई बार संबंधित अधिकारियों के चक्कर काट चुके हैं। उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है, कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मौसम विभाग द्वारा बारिश के आसार जताए जाने से लोगों को डर सता रहा है। उन्हें आशंका है कि मामूली बारिश से भी उनके घरों में गंदा पानी घुस जाएगा। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जल निकासी का दुरुस्त प्रबंध नहीं किया गया, तो वे सड़क जाम करने को विवश होंगे।
यह समस्या मेरे संज्ञान में है। इसके लिए कर्मचारियों को लगाया गया था, लेकिन घरों से निकल रहे पानी के कारण जलभराव के हालात बन रहे हैं। इसकी सफाई के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
- भूपेश कुमार, वार्ड सदस्य-14, अंबाला सदर