बीडी फ्लोर मिल के पीछे शांति नगर इलाके में पिछले दस दिनों से पीने के पानी की सप्लाई ने होने के कारण हाहाकार मचा हुआ है। पानी किल्लत झेल रहे इलाकावासियों का सब्र रविवार को टूट गया और उन्होंने विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि संबंधित विभाग के आलाअधिकारी उनकी समस्या को अनदेखा कर रहे हैं। यदि विभाग ने जल्द इसका समाधान नहीं किया, तो वे स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से मिलेंगे।
पानी के टैंकरों से भर रहे टंकियां
पानी की जरूरत पूरी करने के लिए लोग पानी के टैंकर मंगवा रहे है। उनके माध्यम से ही घरों की टंकियों को भरा जा रहा है। हालात इतने खराब होने के बाद भी प्रशासनिक अधिकारी ठोस कदम नहीं उठा रहे। लोगों ने बताया कि पानी टैंकर क्षेत्र के लोग पैसे एकत्रित करवा कर मंगाते हैं। कई लोग दूरदराज या आसपास की कॉलोनियों से वाहनों से पानी भरकर ला रहे है।
हर गर्मी के ये हालात, अब नहीं होगा बर्दाश्त
इलाकावासी अशोक कुमार, नरेश कुमार चोपड़ा, मंगल दास, सुरेश, रोशन लाल, मंगत, तिलक राज, केएस पूनिया, दिवेंद्र सिंह, दीपक, अनिल कुमार, प्रिया व्रत वेद, शिव राम, लक्की ने बताया कि पिछले दस दिनों से पानी की समस्या झेल ही रहे हैं। हर गर्मी में ये हालात बनते हैं। कई-कई दिनों तक कॉलोनी में पानी ही नहीं आता। संबंधित विभाग के आलाधिकारियों के समक्ष दुखड़ा रोया जाता है तो खानापूर्ति कर चले जाते हैं। यदि संबंधित एरिया की समस्या को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो इलाकावासी अपने स्तर पर एक्शन लेंगे।
शांति नगर में पानी की पाइप लाइन डाली जा रही है। यह काम अब खत्म हो चुका है। इलाके में जल्द ही पानी की सप्लाई सुचारु कर दी जाएगी। इससे क्षेत्र के लोगों की पानी की समस्या हल हो जाएगी।
- आरएस गर्ग, एसडीओ, जल महकमा, अंबाला कैंट-