हरिंदर पाल सिंह
अंबाला। कैंटोनमेंट बोर्ड अंबाला (सीबीए) में पानी की किल्लत खत्म होगी और लोगों को नहरी पानी की सुविधा मिलेगी। बोर्ड ने योजना पर मंथन शुरु कर दिया है। इस सुविधा का फायदा बोर्ड के आठ वार्ड में रहने वाले लगभग 65 हजार बाशिंदों को होगा जोकि मौजूदा समय में तय सारिणी अनुसार पानी भरने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार इस समय ट्यूबवेलों के सहारे पानी की आपूर्ति की जा रही है। इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में पानी की पाइप लाइनों की कमी है। जिससे लोगों को दूर-दराज के क्षेत्रों में जाकर पानी भरने को मजबूर होना पड़ रहा है। ऐसी कुछ शिकायतें पूर्व में बोर्ड अधिकारियों को भी स्थानीय निवासियों की तरफ से दी जा चुकी हैं। वहीं ऐसे हालातों से निपटने के लिए बोर्ड अधिकारियों को कई बार पानी के टैंकरों का भी सहारा लेना पड़ा है। अब नहरी पानी मिलने के बाद बोर्ड क्षेत्र में पानी को लेकर होने वाली हाहाकार खत्म हो जाएगी।
वहीं नगर परिषद के अधीन आने वाले अधोमाजरा गांव से घसीटपुर तक लगभग 22.4 किमी लंबी नहरी पानी की पाइप लाइन बिछाने का काम अंतिम चरण में है। इसके बाद अंबाला छावनी के पूरे क्षेत्र में पानी की कमी नहीं रहेगी। इसी लाइन को आधार बनाकर कैंट बोर्ड योजना तैयार कर रहा है ताकि अंबाला छावनी के बाद इसका जुड़ाव बोर्ड क्षेत्र की मुख्य पानी की लाइन से हो सके। हालांकि इसके लिए अंबाला प्रशासन सहित नगर परिषद की अनुमति लेना जरूरी होगा। इस संबंध में भी बोर्ड अधिकारी रूपरेखा तैयार कर रहे हैं ताकि नहरी पानी की व्यवस्था करने में किसी प्रकार की बाधा न आए। संवाद
कैंटोनमेंट बोर्ड में सुविधाओं को लेकर कई विकास योजनाएं तैयार की जा रही हैं। इसमें नहरी पानी की योजना सबसे प्रमुख है ताकि आने वाले समय में बोर्ड क्षेत्र में पानी की समस्या न रहे। इस प्रस्तावित योजना की रुपरेखा को लेकर जल्द ही कार्यवाही आरंभ की जाएगी। इसमें नगर परिषद का भी सहयोग लिया जाएगा।
राहुल आनंद शर्मा, मुख्य अधिशासी अधिकारी, कैंट बोर्ड।