अंबाला। अर्जुन काॅलोनी, आजाद नगर सहित अन्य इलाके में बनी पानी निकासी की समस्या से परेशान लोगों ने अब चुनावी मुद्दा बनाने की ठान ली है। 28 सितंबर को अंबाला-जगाधरी हाईवे जाम करने के बाद भी इलाके की गलियों में जलभराव की स्थिति बनी है। इसी टीस के लिए इलाके की महिलाओं ने मन बना लिया है कि वह किसानों की तर्ज पर ही प्रचार प्रसार और वोट मांगने के लिए आने वाले प्रत्याशियों के सामने इसी पानी निकासी को लेकर सवाल-जवाब करेंगे। मौजूदा सरकार के प्रत्याशी से पूछेंगे कि आखिर अभी तक इलाके में पानी निकासी के लिए कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाया।
उनके हालात बिगड़े हैं। ऐसे में वह वोट क्यों दें। जबकि दूसरे पार्टियों के प्रत्याशियों को बताएंगे कि इलाके में विकास और पानी निकासी की समस्याओं को दूर करने वाले को ही उनका कीमती वोट जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी तो पिछले एक सप्ताह से किसी पार्टी का प्रत्याशी जलमग्न गलियों के बीच से पैदल गुजरकर उनके पास नहीं आया है। आता है तो उनके समक्ष अपनी समस्या को उठाया जाएगा।
महिलाएं बोली एक गली में पंप दूसरी जलमग्न
आजाद काॅलोनी और अर्जुन कॉलोनी की महिलाओं ने सोमवार को रोष जताते हुए कहा कि जाम लगाने के बाद नगर परिषद के अधिकारियों की तरफ से केवल आगे-आगे की गलियों में से पानी निकालने के लिए पंप लगा दिए गए है लेकिन पिछली गलियों में कोई सुध नहीं ले रहा। दो सप्ताह के इलाके में हालात बिगड़े हैं। नगर परिषद के अधिकारियों के समक्ष समस्या रखते हैं तो वो दो पंप लगे होने की बात बोलकर पल्ला झाड़ लेते हैं। करीब 500 मीटर के एरिया से दो पंप कैसे सारा पानी निकाल सकते हैं।
समस्या हल करने वाले को डालेंगे वोट
अर्जुन कॉलोनी ब्लॉक बी निवासी सोनिया ने बताया कि चुनावों में उनका वोट उसी को जाएगा जो आकर उन्हें पानी निकासी की समस्या से निजात दिलवाने का आश्वासन देगा। हाईवे जाम करने के तीन दिन होने के बावजूद अभी तक उनकी गली में कोई अधिकारी सुध लेने नहीं पहुंचा। अभी तक जलभराव हो रखा है।
प्रचार के लिए आने वाले नेताओं से करेंगे सवाल
रितु चौधरी का कहना है कि चुनाव प्रचार के लिए आने वाले नेताओं से उनका सही सवाल होगा कि आखिर उन्हें वोट क्यूं डाले। कई सालों से उनके इलाके में पानी निकासी की समस्या बनी हुई है। कई सरकार आई लेकिन किसी ने कोई ठोस समाधान नहीं किया।
किसी नेता के वादों में पानी निकासी का जिक्र नहीं
इलाकावासी पूनम ने बताया कि वह नरकीय जीवन जीने को मजबूर है। गलियों में ही पानी जमा है। पैदल निकलना तक खतरे से खाली नहीं है। हर पार्टी के नेता बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं लेकिन सैकड़ों परिवारों से जुड़ी इस पानी निकासी की समस्या को लेकर कोई सामने नहीं आ रहा।
वर्जन
तीन पंप की मदद से पानी निकाला जा रहा है। अगर बरसात नहीं होती है तो दो दिन में सारा पानी उतर जाएगा। आज ही विकासपुरी के नाले की सफाई करवा दी जाएगी।
विनोद बैनिवाल, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर नगर परिषद
अर्जुन नगर बी ब्लॉक की गलियों में जमा पानी के बीच खड़े होकर रोष जताती हुई महिलाएं
अर्जुन नगर बी ब्लॉक की गलियों में जमा पानी के बीच खड़े होकर रोष जताती हुई महिलाएं
अर्जुन नगर बी ब्लॉक की गलियों में जमा पानी के बीच खड़े होकर रोष जताती हुई महिलाएं