अंबाला। एसडीएम कार्यालय के पास से लाल कुर्ती बाजार तक जाने वाली नहरी पानी की मुख्य पाइपलाइन जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है। इस कारण क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है। पाइपलाइन टूटने की वजह से लाल कुर्ती बाजार और आसपास के इलाकों में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ी है। इससे स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।जनता की इस समस्या को लेकर पूर्व पार्षद नवीन यादव ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के उच्चाधिकारियों को शिकायत पत्र भेजकर जल्द से जल्द पाइपलाइन बदलवाने की मांग की है।
सड़कों पर बह रहा पानी, घरों के नल सूखे
पूर्व पार्षद नवीन यादव ने बताया कि एसडीएम कार्यालय के पास से लाल कुर्ती बाजार को जोड़ने वाली मुख्य पाइपलाइन लंबे समय से जर्जर हालत में है। अब यह जगह-जगह से टूट चुकी है। इसके चलते एक तरफ जहां नहरी पानी सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा है और जलभराव की स्थिति बन रही है, वहीं दूसरी तरफ मुख्य बाजार के सैंकड़ों घरों और दुकानों में पानी की सप्लाई नहीं पहुंच पा रही है। स्थानीय लोगों को दैनिक कार्यों के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विभाग तुरंत करे निरीक्षण
अधिकारियों को भेजे पत्र में पूर्व पार्षद ने मांग की है कि विभाग की टीम तुरंत मौके का निरीक्षण करे। उन्होंने कहा कि केवल मरम्मत करने से काम नहीं चलेगा, इस पूरी पाइपलाइन को नया डलवाया जाना बेहद जरूरी है ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने जल्द ही सुचारू जलापूर्ति बहाल नहीं की, तो वे स्थानीय निवासियों को साथ लेकर विभागीय कार्यालय का घेराव करने पर मजबूर होंगे।