अंबाला। सेंट्रल जेल में लॉरेंस बिश्नोई और काला राणा गैंग से जुड़े वैंकटेस गर्ग समेत 10 साथियों ने वार्डर पर हमला कर दिया। बदमाशों ने छोटे पेचकस और कट्टनों से कई वार किए। हमले में वार्डर के चेहरे सहित अन्य हिस्से में करीब 10 घाव आए।
शोर मचने के बाद जेल में तैनात भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हल्का बल प्रयोग कर बदमाशों को खदेड़ा। इसके बाद उन्हें बैरक में बंद कर दिया। इस बीच कुछ बदमाशों को हल्की चोटें आईं। जबकि घायल वार्डर रमेश को आनन-फानन में प्राथमिक उपचार के लिए अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया, जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी।
बलदेव नगर पुलिस ने वार्डर रमेश सिंह की शिकायत पर वैंकटेस गर्ग के अलावा कृष्ण, चिराग, विशाल उर्फ विशु, सुखदेव, शुभम, साहिल, विपिन, साहिल, विशाल पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इलाका पुलिस ने बताया कि आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लिया जाएगा। बताया जाता है कि बदमाशों पर हत्या के प्रयास सहित फिरौती आदि के कई मामले दर्ज है।
गिनती के लिए ब्लॉक खुलते ही हमला
पुलिस को दी शिकायत में केंद्रीय कारागार अंबाला वार्डर रमेश सिहं ने बताया कि 19 जून को वह ब्लॉक नंबर पांच पर बतौर इंचार्ज ड्यूटी दोपहर एक से नौ बजे तक तैनात था। दोपहर तीन बजे ब्लॉक नंबर पांच की गिनती खोली और लगभग तीन बजकर 30 मिनट पर हवालाती बंदी वैंकटेस गर्ग ने अपने अन्य साथी हवालाती बंदियों को साथ लेकर अचानक नुकीली वस्तु जैसे छोटा पेंचकस और कट्टनों के साथ एक साथ मिलकर जानलेवा हमला किया कर दिया। साथ ही जान से मारने की कोशिश भी की।
करीब छह माह पहले चलाई थीं गोलियां
बता दें कि वार्डर पर हमला करने वाला वैंकटेस करीब छह माह पहले दिसंबर माह में ही सेंट्रल जेल गया था। वैंकटेस ने अंबली रोड नारायणगढ़ स्थित एक पैलेस में गांव संगरानी के नवनिर्वाचित सरपंच की शादी की पार्टी में गोलियां चलाई थी।
वर्जन
सेंट्रल जेल वार्डर रमेश की शिकायत पर अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लिया जाएगा।
रामकुमार, थाना प्रभारी बलदेव नगर अंबाला सिटी
वर्जन
सेंट्रल जेल में ही काला राणा के भाई भी बंद है। हमलावर भी लॉरेंस बिश्नोई और काला राणा गैंग से संबंध रखते हैं। वैंकटेस गर्ग सहित अन्य पर मामला दर्ज कर लिया है। हमलावरों ने चम्मच और कपड़े टांगने की चुटकियों आदि को हथियार बनाया था।
संजीव पातड़, अधीक्षक, सेंट्रल जेल अंबाला