अंबाला। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शहर के प्रांगण में 27वां जागरुकता कार्यक्रम हुआ। इसमें हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो में जागरुकता कार्यक्रम और पुनर्वास के प्रभारी के रूप में नियुक्त उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। डॉ. वर्मा ने कहा कि प्रयास की कहानी वर्ष 2000 में फतेहाबाद से आरंभ हुई थी जो आज विशालकाय वृक्ष का रूप ले चुकी है।
इसका मुख्य लक्ष्य लोगों को नशे की दलदल से बाहर निकालना है।
उन्होंने विद्यार्थियों को कहा कि उठो तो मिलकर सबको जगा दो, हर एक घर में संदेश पहुंचा दो, समय रहते जागो और सबको जगा दो..., अफीम, चरस, हेरोइन का नशा बुरा है, न जाने कितनों के प्राणों को हरा है...। उन्होंने कहा कि बहुत बार ऐसा हुआ है कि टीके लगा चुके व्यक्ति का टीका लगा रह जाता है और वह मृत्यु की गोद में समा जाता है। यह टीका कोई अन्य व्यक्ति ही निकालता है। ब्यूरो द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 9050891508 का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि इस पर गुप्त सूचनाएं बिना किसी भय के दें और नशा छोड़ने वाले व्यक्ति संपर्क करें। यह कार्यक्रम संस्थान के प्राचार्य भूपिंद्र सिंह सांगवान की अध्यक्षता में हुआ।