अंबाला। अंबाला कैंट से छह बार के विधायक और पूर्व गृह और स्वास्थ्य मंत्री रहे अनिल विज ने रविवार को अपने चुनाव कार्यालय से रिपोर्ट कार्ड जारी किया। इस दौरान विज ने सीएम पद के लिए इस बार अपनी दावेदारी पेश की है।
विज ने पत्रकार वार्ता में विकास कार्य गिनाने के बाद अंत में सीएम पद के लिए दावा किया। उन्होंने कहा कि वे हरियाणा में भाजपा का सबसे वरिष्ठ विधायक हैं। छह बार चुनाव लड़ चुके हैं। अब सातवीं बार चुनाव लड़ रहा हूं। मैंने आज तक अपनी पार्टी से कभी कुछ नहीं मांगा। मगर इस बार सारे हरियाणा प्रदेश की जनता के कहने पर, मुझे सारी हरियाणा की जनता आकर मिल रही है।
मैं हरियाणा की सारी जनता के कहने पर मैं अपनी वरिष्ठता के दम पर मैं मुख्यमंत्री पद के लिए दावेदारी करता हूं। सीएम बनाना या न बनाना हाईकमान का काम है, लेकिन अगर मुझे सीएम बनाते हैं तो मैं हरियाणा की तकदीर बदल दूंगा हरियाणा की तस्वीर बदल दूंगा।
गौरतलब है कि पूर्व में गृहमंत्री रहने के बाद दौरान कई बार विज को सीएम बनाने की अफवाहें चलीं थी मगर हर बार विज यही कहते रहे थे कि उन्होंने कभी नेतृत्व से सीएम पद नहीं मांगा। इस बार जब विज सातवीं बार चुनावी मैदान में जा रहे हैं तो यह कार्ड चलकर उन्होंने संगठन को भी साफ संदेश देने का काम किया है।