अंबाला। अंबाला छावनी के टांगरी बांध के निकट चंद्ररूप नगर में मिथिलांचल नवयुवक सेवा समिति की ओर से छठ पर्व पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्यतिथि हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि लोग पूरे साल इस पर्व का इंतजार करते हैं। उन्होंने देखा कि कितनी श्रद्धा के साथ लोग यह पर्व मनाते हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व एक दिन का नहीं होता बल्कि तीन-चार दिनों तक चलने वाला पर्व है जिस दौरान अनुष्ठान होते हैं, व्रत रखते जाते हैं और सूर्य को अर्घ्य दिए जाते हैं। इसके अलावा अन्य कई प्रकार के आयोजन किए जाते हैं।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि मिथिलांचल समिति सदस्यों ने बताया कि उन्हें छठ पूजा के लिए पक्का तालाब चाहिए। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि समाज के लोग कहीं पर भी तालाब के लिए जगह ढूंढ लें, वह वहां पर अपने स्वैच्छिक कोष से पक्का तालाब बनाकर देंगे। इसके लिए जो राशि होगी वह प्रदान करेंगे। इस दौरान मंत्री अनिल विज को स्मृति चिन्ह देकर समिति सदस्यों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान मिथिलांचल समिति सदस्य रवि जाट, बिपिन, अशोक, लक्ष्मी, अरूण यादव, लक्ष्मी, पंकज आदि उपस्थित रहे।